जोमैटो से आनलाइन खाना मंगवा रहे हैं तो सावधान ! आपका बैंक खाता खाली हो सकता है
जोमैटो से खाना मंगवाने के बाद रोहतक पीजीआई के चिकित्सक के बैंक खाते से निकाल लिए 96 हजार
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरु की जांच
15 सितंबर 2019, 7:53 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
रोहतक। यदि आप भी जोमैटो जैसी कंपनी से खाना मंगवाने के लिए आॅनलाईन आर्डर करते हैं तो सावधान हो जाईए। जरा सी असावधाप्नी पर आपको बहुत बड़ी चपत लग सकती है। यहां रोहतक में पीजीआई के एक डॉक्टर को जोमैटो पर खाने का आर्डर देना इतना महंगा पड़ गया कि देखते ही देखते उसके बैंक खाते से 96 हजार रूपए निकाल लिए गए। डॉक्टर की शिकायत पर पीजीआइ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। जानकारी के अनुसार मूलरूप से लखनऊ निवासी डा. अभिषेक टंडन पीजीआइ में जूनियर रेजिडेंट हैं। 11 सितंबर को उन्होंने जोमैटो पर खाने का आर्डर किया था, लेकिन आर्डर पूरा नहीं हुआ और रुपये पूरे काट लिए गए। उसका रिफंड आना था। 13 सितंबर तक रिफंड नहीं आने पर डाक्टर ने गूगल से जोमैटो के कस्टमर केयर का नंबर लिया और शिकायत दर्ज कराने के लिए उस नंबर पर फोन किया। फोन रिसीव करने वाले ने डाक्टर के मोबाइल पर एक लिंक भेजा और कहा कि आप अपनी शिकायत के साथ इस लिंक को दूसरे नंबर पर फारवर्ड कर दीजिए। लिंक फारवर्ड करते ही डाक्टर के बैंक खाते से अलग-अलग किश्तों में करीब 96 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने बैंक से इस बारे में जानकारी ली, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। बता दें कि गूगल पर कुछ साइबर क्रिमिनल और हैकरों ने सभी साइटों के फेक नंबर अपलोड किए हुए हैं। बैंकों के कस्टमर केयर नंबर तक डाल रखे हैं। जब भी कोई गूगल पर नंबर देख फोन लगाता है तो वो संबंधित साइट की बजाय हैकरों के पास लगता है। इसके बाद वो धोखाधड़ी से रुपये निकाल लेते हैं। ऐसे में अगर आप गूगल पर किसी भी तरह का नंबर खोच कॉल करते हैं तो सावधान हो जाएं, आपका भी खाता इसी तरह साफ हो सकता है।


0 Comments