अहंकारी भाजपा ने दिल्ली में भी दिया था 65 पार का नारा, मिली थी सिर्फ तीन सीटें, हरियाणा में भी होगा दिल्ली जैसा हाल : दिग्विजय चौटाला


भाजपा ने दिल्ली में भी दिया था 65 पार का नारा, मिली थी सिर्फ तीन सीटें, हरियाणा में भी होगा दिल्ली जैसा हाल : दिग्विजय चौटाला 
बोले, युवाओं का हक मारकर हरियाणा को गुजरात-2 बना रहे सीएम मनोहर लाल



15 सितंबर 2019, 7:11 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़/रोहतक। जननायक जनता पार्टी के नेता दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा है कि अहंकार में आई भाजपा सरकार का हरियाणा में दिल्ली जैसा हाल होगा। दिल्ली में भी भाजपा 65 पार का नारा देती थी लेकिन आखिर में मात्र तीन विधायक ही बना पाई। वे आज यहां रोहतक के महम हल्के में गांवों के दौरे पर थे। जजपा नेता ने कहा कि आज भाजपा सरकार तानाशाहों की तरह कोई भी नियम बनाकर जनता पर थोप देती है। उन्होंने कहा कि चालान के नाम पर जनता को लूटा जा रहा है। हालात इस कदर खराब हो चुके है कि पुलिस प्रशासन किसान के ट्रैक्टर-ट्राली का भी भारी-भरकम चालान कर रहे हैं। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल व भाजपा सरकार आज प्रदेश के युवाओं का हक मारकर गुजरात जैसे अन्य राज्यों के बड़े-बड़े ठेकेदारों को बढ़वा दे रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग हरियाणा के विकास की बड़ी-बड़ी झूठी बातें करते है उन्होंने ही हरियाणा की बजाय अन्य राज्यों के बड़े-बड़े ठेकेदारों को माला-माल किया है। उन्होंने कहा कि रोडवेज किलोमीटर स्कीम घोटाले में अधिकतम कंपनियां दिल्ली, पंजाब व गुजरात जैसे अन्य राज्यों की थी। इसी तरह माइनिंग सेक्टर में भी अधिकतम लाइसेंस अन्य राज्यों के लोगों के पास है। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि इन सब बातों से एक बात तो साफ हो गई है कि सरकार की मंशा प्रदेश के युवा भविष्य को आगे बढ़ने से रोकने की है और अन्य राज्यों के बड़े-बड़े ठेकेदारों को माला-माल करने की है।

सीएम मनोहर लाल ने कुछ किया तो वो हरियाणा के युवाओं को बेरोजगार
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के युवाओं के लिए कुछ किया है तो वो युवाओं के हाथों से रोजगार छीनकर उन्हें सिर्फ बेरोजगार करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि इसका इससे बड़ा और क्या सबूत होगा कि खट्टर सरकार प्रदेश के पढ़े-लिखे युवाओं को तो माली, चपरासी बना रही है जबकि गुजरात जैसे अन्य राज्य के लोगों को एसडीओ। दिग्विजय ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से सवाल करते हुए कहा कि आखिर प्रदेश के युवाओं के साथ भाजपा सरकार इस तरह का भेदभाव क्यों कर रही हैं।

जन सम्मान दिवस का दिया न्यौता 
इस दौरान 22 सितंबर को जजपा द्वारा रोहतक में आयोजित ताऊ के जन सम्मान दिवस का न्यौता देते कहा  कि महम चौबीसी के कारण ही किसान के घर पैदा हुए जननायक चौ. देवीलाल को उपप्रधानमंत्री का ताज सौंपा गया था। उन्होंने कहा कि महम चौबीसी के दिए नारे ताऊ पूरा तौलेगा, लाल किले से बोलेगा एक बार फिर से सिद्ध करने की जरूरत हैं। उन्होंने महम की जनता से मार्मिक अपील करते हुए कहा कि वर्ष 1987 के दौर में महम के द्वारा दिए साथ को एक बार फिर से दुष्यंत को आशीर्वाद देने की आवश्यकता है। उन्होंने ज्यादा से संख्या में 22 सितंबर को रोहतक पहुंचने का आह्वान किया।



Post a Comment

0 Comments