हरियाणा महाभारत-2019 : हर उम्मीदवार को खुलवाना होगा नया बैंक खाता, चुनाव आयोग रखेगा नजर
25 सितंबर 2019, 1:21 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। गौरव सोनी कोटली
सिरसा। विधानसभा चुनाव लड़ने वाले सभी पार्टियों के उम्मीदवारों को नया बैंक खाता खुलवाना होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार गर्ग ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सभी उम्मीदवारों के नए बैंक खाते खोलें तथा उन्हें चैक बुक जारी करें। साथ ही उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव के दिनों में किसी भी खाता धारक के खाते से विभिन्न खातों में अगर राशि ट्रांस्फर होती है तो उसकी सूचना तुरंत निर्वाचन कार्यालय में दें। साथ ही अगर 10 लाख से उपर कोई भी कैश विड्रा करता है तो उसकी भी सूचना तुरंत उपलब्ध करवाएं। उन्होंने बताया कि राजनीतिक पार्टी के उम्मीदवार अब 28 लाख रुपये तक राशि प्रचार पर खर्च कर सकते हैं। उन्होंने सभी बैंक प्रबंधकों से कहा कि ऐसे खातों पर पूरी निगरानी रखें जिनमें राशि का लेनदेन अधिक हो रहा हो। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिए कि जिस भी वैन में आपका कैश जाता है उसे एक पत्र जारी करें जिसमें वैन में रखी गई राशि विवरण हो। इसके अलावा वैन चालक , हैल्पर का आई कार्ड जारी करें। बैंक से जिनता भी पैसा दूसरे बैंक या कहीं भी वैन के माध्यम से लेकर जाते हैं तो वैन चालक को लिखित में दें ताकि अवैध राशि वैन चालक इधर से उधर ट्रांसफर न कर सके। उन्होंने कहा कि सभी बैंक प्रबंधक चुनाव के मद्देनजर अपना कार्य पूरी निष्ठा व ईमानदारी से करें ताकि चुनाव को पारदर्शिता से निपटाया जा सके। बता दें कि जिला सिरसा में विधानसभा की पांच सीटेंं हैं तथा विस चुनाव के लिए 27 सितंबर को अधिसूचना जारी की जाएगी जिसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्रत्याशी 4 अक्तूबर तक नामांकन कर सकेंगे, 5 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 7 अक्तूबर तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। 21 अक्तूबर को मतदान होगा तथा 24 अक्तूबर को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।


0 Comments