हरियाणा महाभारत-2019 : जिम्मेदार नागरिक बनें, लोकतंत्र के सबसे बड़े महापर्व के लिए अवश्य करें वोट
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में आयुक्त व उपायुक्त ने मतदाताओं से किया मताधिकार के इस्तेमाल का आद्दान
महाविद्यालय में स्टाल लगाकर विद्यार्थियों को समझाई ईवीएम व वीवीपैट मशीनों की कार्यप्रणाली
जिला के लिए जागरूकता रथ रवाना किया, विद्यार्थियों को दिलाई मतदाता शपथ

हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज । 25 सितंबर 2019, 1:31 PM
हिसार। मंडल आयुक्त विनय सिंह ने कहा कि प्रत्येक मतदाता को चुनाव के दौरान जागरूक व जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने वोट का प्रयोग जरूर करना चाहिए। लोकतंत्र की सार्थकता भी इसी में है कि सभी मतदाता चुनाव में सक्रिय भागीदारी करें। आयुक्त विनय सिंह आज राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्वीप (सिस्टेमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टीसिपेशन प्रोग्राम) गतिविधियों के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उपायुक्त अशोक कुमार मीणा, सीटीएम अश्वीर सिंह, महाविद्यालय प्राचार्य पीएस रोहिला, चुनाव नायब तहसीलदार हनुमान दास व जिला योजना अधिकारी जगदीश दलाल भी उपस्थित थे। स्वीप गतिविधियों के तहत मास्टर ट्रेनरों ने महाविद्यालय में स्टाल लगाकर विद्यार्थियों को ईवीएम व वीवीपैट मशीन की कार्यप्रणाली के संबंध में जागरूक किया। विद्यार्थियों ने स्वयं वोट डालकर ईवीएम व वीवीपैट का उपयोग करके देखा। निर्वाचन विभाग द्वारा जिला के लिए एक जागरूकता रथ को भी रवाना किया गया जिसे आयुक्त व उपायुक्त ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आयुक्त ने उपस्थितगण को अपने मताधिकार का इस्तेमाल जाति, धर्म व संप्रदाय की भावना से ऊपर उठकर करने के संबंध में एक शपथ भी दिलवाई। इस दौरान वीडियो फिल्मों के माध्यम से भी वोट के महत्व के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। आयुक्त विनय सिंह ने कहा कि भारत के संविधान ने अनुच्छेद 326 के तहत हमें वोट का अधिकार दिया है। पहले 21 साल की आयु पूरी होने पर वोट बनता था लेकिन संविधान के 61वें संशोधन में मतदाता की आयु सीमा को 18 वर्ष कर दिया गया। लोकतंत्र की सार्थकता इसी में है कि हर मतदाता चुनाव में अपनी जिम्मेदारी समझे और देश व समाज का हित करने वाली सरकार का गठन करने में अपनी भूमिका निभाए। वोट देना हम सबकी जिम्मेदारी भी है और गौरव भी।उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थियों को चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर चुनाव प्रक्रिया, आदर्श आचार संहिता और चुनाव में किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर इसके खिलाफ की जाने वाली कार्रवाई के संबंध में पूरी जानकारी प्राप्त करनी चाहिए। जब आप प्रक्रिया से परिचित होंगे तो ही लोकतंत्र में सार्थक भूमिका निभा सकेंगे। बेटियों की भूमिका इस कार्य में और अधिक बढ़ जाती है। उन्हें 18 वर्ष की आयु पूर्ण होते ही न केवल स्वयं का वोट बनवाना चाहिए बल्कि परिजनों, पड़ोसियों व रिश्तेदारों को भी वोट बनवाने व चुनाव में इसका इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। ऐसा करके वे दूसरों के लिए मिसाल कायम कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि 21 अक्तूबर को प्रत्येक मतदाता अपना हर कार्य छोडकर वोट देने जरूर जाए।आयुक्त ने कहा कि पिछले दिनों ईवीएम की निष्पक्षता पर काफी सवाल उठे और यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक गया लेकिन अंतत: यह साबित हो गया कि ईवीएम में किसी प्रकार की गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं है। मतदान के समय ईवीएम के साथ लगाई जाने वाली वीवीपैट में कुछ समय के लिए मतदाता को एक पर्ची दिखाई देती है जिस पर उस प्रत्याशी का नाम व चुनाव चिह्न छपा होता है जिसे उसने वोट दिया है। इससे ईवीएम की निष्पक्षता संदेह से परे हो जाती है।
चुनाव संबंधी जानकारी चाहिए तो डायल करें 1950
महाविद्यालय प्राचार्य पीएस रोहिला ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि इस महाविद्यालय में 3300 छात्राएं हैं। हमने प्रयास किया है कि सभी पात्र विद्यार्थी अपने वोट जरूर बनवाएं। पहली बार मतदान करने वाले युवा वोटर्स में अनोखा उत्साह होता है और मतदान के माध्यम से वे देशसेवा ही करते हैं। उन्होंने जागरूकता कार्यक्रम के लिए राजकीय महाविद्यालय का चयन करने पर जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। सीटीएम अश्वीर सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उपस्थितगण को बताया कि वोट व चुनाव संबंधी जानकारी के लिए प्रशासन ने टोल फ्री नंबर 1950 स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि आमजन को मतदान के लिए प्रेरित करने को इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम जिला भर में चलाए जा रहे हैं।


0 Comments