2060 तक हम हिन्दुस्तानी हो जाएंगे 164 करोड़, पानी बचाने को 1.11 करोड़ जल संचय स्थल विकसित करेगी सरकार

2060 तक हम हिन्दुस्तानी हो जाएंगे 164 करोड़, पानी बचाने को 1.11  करोड़ जल संचय स्थल विकसित करेगी सरकार 



9 सिंतबर 2019, 10:57 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज 
पंचकूला। केंद्रीय जलशक्ति, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रतनलाल कटारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जल संचय के लिये दूरगार्मी सोच के तहत कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 79000 करोड़ रुपये की लागत से देश में 1.11  करोड़ जल संचय स्थल विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया हैं। उन्होंने कहा कि वर्षा का केवल 8 प्रतिशत जल ही संचय हो पाता है और अधिक से अधिक जल संचय के लिये नदियों को जोड़ने की परियोजना पर भी युद्धस्तर पर कार्य चल रहा है। कटारिया आज अपने आवास पर भाजपा कार्यकतार्ओं के साथ अपने मंत्रालय से संबंधित योजनाओं पर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2060 तक भारत की आबादी 164 करोड़ हो सकती है और इतनी आबादी के पर्याप्त जल उपलब्ध करवाने के लिये वर्तमान जलापूर्ति से तीन गुणा जल की आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा कि सरकार जल प्रबंधन पर गंभीरतापूर्वक कार्य कर रही है और पिछले तीन वर्षों में जल प्रबंधन से जुड़ी परियोजनाओं पर 23 हजार करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को देश के नाम संबोधन में जल संचय पर विशेष बल दिया था और उन्होंने इस कार्य के लिये 3.50 लाख करोड़ के संसाधन उपलब्ध करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि इस समय देश के केवल 3.50 करोड़ परिवारों को नल से जल उपलब्ध है और शेष 13.50 करोड़ परिवारों को वर्ष 2024 तक चरणबद्ध तरीके से यह सुविधा उपलब्ध करवाई जायेंगी ताकि प्रधानमंत्री के देश के हरघर में नल से जल आपूर्ति के सपने का पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा में 11 सितंबर से एक व्यापक जन संपर्क अभियान आरंभ करने का निर्णय लिया है। इसके लिये प्रदेश के सभी नेताओं को जिम्मेवारियां सौंपी गई है। अंबाला संसदीय क्षेत्र में यमुनानगर जिला के लिये उन्हें (श्री कटारिया), पंचकूला जिला के लिये विधायक एवं मुख्य सचेतक ज्ञानचंद गुप्ता और अंबाला जिला के लिये स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री श्री अनिल विज को जल संपर्क अभियान की जिम्मेवारी सौंपी गई है। 

Post a Comment

0 Comments