हरियाणा विधानसभा चुनाव की बजी रणभेरी, 21 अक्तूबर को चुनाव, 24 अक्तूबर को आएंगे परिणाम
27 सितंबर को जारी होगी चुनाव संबंधी अधिसूचना
4 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे उम्मीदवार
5 अक्तूबर को होगी नामांकन की जांच
7 अक्तूबर तक नामांकन वापिस ले सकेंगे उम्मीदवार
21 अक्तूबर को सभी 90 सीटों पर एकसाथ होंंगे चुनाव
24 अक्तूबर को घेषित हो जाएंगे नतीजे
21 सितंबर 2019, 1:01 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज/गौरव सोनी कोटली
नई दिल्ली/चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव की रणभेरी आज बज ही गई। भारतीय निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। हरियाणा में 21 अक्टूबर को सभी 90 सीटों के लिए एक ही चरण में चुनाव होगा। चुनाव संबंधी अधिसूचना 27 सितंबर को जारी की जाएगी, जिसके बाद से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 4 अक्टूबर तक नामांकन किए जा सकेंगे। 5 अक्टूबर को स्क्रूटनी होगी और 7 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपने नामांकन वापिस ले सकते हैं। 21 अक्टूबर को चुनाव होगा और 24 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव आयोग की इस घोषणा के साथ ही प्रदेशभर में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इस बार के विधानसभा चुनावों में 1.83 करोड़ मतदाता अपने मत का इस्तेमाल कर नई सरकार का चुनाव करेंगे। इस बार के विधानसभा चुनाव में पिछले 2014 के विधानसभा चुनाव से 2140597 वोटरों का इजाफा हुआ है। प्रदेश के पिछले विधनसभा चुनाव की बात करें तो उस वक्त प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 16158117 है जो कि इस बार बढ़कर 1,82,98,714 हो गई है। विधानसभा चुनाव में इस बार युवा वोटरों की अहम भूमिका रहेगी। इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए हरियाणा मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इस बार 1,82,98,714 है वोटरों की संख्या
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस बार हरियाणा में कुल मतदाताओं की संख्या 1,82,98,714 है। इस मतदाता सूची की कॉपी सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई 2019 को प्रकाशित ड्राफ्ट रॉल के अनुसार राज्य में मतदाताओं कि संख्यां 1,79,69,515 थी। इस विशेष अभियान के तहत 2,69,201 नाम जोड़े गए और 47,488 नाम काटे गए। इस प्रकार नेट जोड़ 2,21,713 है। अंतिम प्रकाशन के बाद मतदाताओं की संख्या 1,82, 98,714 हैं जिसमें 97,30,169 पुरूष व 84,60,820 महिलाएं, 239 ट्रांसजेंडर वोटर और सर्विस वोटर की संख्या 107486 है। निर्वाचन अधिकारी ने फरीदाबाद, मेवात, पलवल, जींद, सिरसा, यमुनानगर और पंचकूला जिलों में महिला वोटरों की संख्या बढ़ाने के लिए संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
दिव्यांग वोटरों के लिए होंगे स्पेशल इंतजामात
भारत निर्वाचन आयोग के सीनियर डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर संदीप सक्सेना ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे दिव्यांग मतदाताओं के लिए मतदान केंद्र पर मतदान हेतु विशेष प्रबंध करें ताकि मतदान के दिन उन्हें किसी प्रकार की कोई दिक्कत ना हो । उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ छोटे कस्बों में भी इस तरह की सुविधाएं देने का प्रयास किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे विधानसभा में खर्च के ब्योरे पर विशेष ध्यान दें। इसके साथ ही, कुल बूथों का 10 प्रतिशत से ज्यादा बूथों की वेब कॉस्टिंग की जाए। मतदान की संख्या बढ़ाने के लिए स्वीप गतिविधियों के बारे जानकारी और अपने-अपने जिले में मैनेजमेंट प्लान तैयार करें। इसके अलावा, उन्होंने पड़ोसी राज्यों के साथ लगते जिलों में नाका लगाने के भी निर्देश दिए ताकि किसी भी प्रकार की समस्या न हो और ऐसे राज्यों के अधिकारियों के साथ बैठक करने के भी निर्देश दिए।


0 Comments