हरियाणा महाभारत-2019 : बसपा ने 41 तो लोसुपा ने जारी की 19 उम्मीदवारों की लिस्ट, शाम तक होने वाला है भाजपा व जेजेपी उम्मीदवारों के नाम का ऐलान
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज ।29 सितंबर 2019, 3:01 PM
चंडीगढ़/हिसार। हरियाणा विधानसभा चुनाव की जंग में इस बार बड़े ही रोचक मुकाबले के आसार हैं। किसी भी पार्टी का कोई गठबंधन नहीं हैं। सभी राजनीतिक दल अपने बलबूते चुनाव लड़ रहे हैं। मायावती की पार्टी ने आज जहां 41 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है वहीं पूर्व सांसद राजकुमार सैनी की पार्टी लोसुपा ने भी अपने 19 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। वहीं शाम तक भाजपा व जेजेपी उम्मीदवारों की सूची भी जारी हो सकती है। रही बात कांग्रेस की तो कांग्रेस कल अपने उम्मीदवारों का ऐलान करेगी। जननायक जनता पार्टी सुप्रीमो दुष्यंत चौटाला ने ऐलान किया था कि विधानसभा चुनाव के लिए अपनी उम्मीदवारों की दूसरी सूची नवरात्रों के पहले दिन जारी करेगी। सात उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी जेजेपी उम्मीदवारों के चयन के लिए सभी हलका पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर कर रही है और करीब 40 उम्मीदवारों पर पार्टी की सहमति बन चुकी है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आज से विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामांकन भरने शुरू हो गए है और जेजेपी नवरात्रों के पहले दिन अपनी उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर देगी। उन्होंने बताया कि पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकातार्ओं के साथ बैठक में करीब 40 से अधिक उम्मीदवारों पर सहमति बन गई है और बाकियों पर अभी मंथन जारी है। साथ ही दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जननायक जनता पार्टी ज्यादा से ज्यादा युवाओं व महिलाओं को टिकट देने में तरजीह देगी। वहीं उन्होेंने बीजेपी-कांग्रेस पर बोलते हुए कहा कि आज कांग्रेस की गुटबाजी और भाजपा की वायादा खिलाफी के चलते जनता दोनों ही दलों को नकार रही है। दुष्यंत ने कहा कि आज प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है जिसमें जनता जननायक जनता पार्टी के साथ मजबूती से जुड़कर आगे बढ़ रही है। वहीं भाजपा की और से भी दावा किया गया है कि आज शाम तक उम्मीदवारों का ऐलान किया जा सकता है।
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज ।29 सितंबर 2019, 3:01 PM


0 Comments