हरियाणा : अगले 5 साल का वर्क प्लान तैयार करने अभी से जुटे हैं अफसर, जानें क्या होने वाला है खास
अब स्कूलोंं में विज्ञान स्टूडेंट्स सीखेंगे मिट्टी, पानी, दूध व अन्य खाद्य पदार्थों की जांच के नुस्खे
21 सितंबर 2019, 11:49 AM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
चंडीगढ़। चुनाव के बाद अगले 5 साल में किन परियोजनाओं को सिरे चढ़ाना है, क्या नया प्रोजेक्ट शुरु किया जाना है, अफसरों ने इस पर अभी से काम शुरु कर दिया है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ के निर्देश पर विभिन्न विभागों के अफसर अगले पांच साल की कार्ययोजना तैयार करने में जुट गए हैं। कृषि मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि स्कूल में ही विज्ञान की पढ़ाई कर रहे बच्चों को मिट्टी, पानी और दूध के साथ-साथ अन्य खाद्य पदार्थों की जांच करना सिखाना चाहिए। इससे बच्चों को मिलावटी खाद्य पदार्थों के बारे में पता लग सकेगा। इस प्रयोग से एक ओर जहां बच्चे जागरूक होंगे वहीं दूसरी ओर वे अपने घर और आस-पास के लोगों को भी इसके बारे में जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि गांवों में जिम व व्यायामशाला की व्यवस्था की जानी चाहिए। गृह विभाग का फोकस प्रदेश में अपराध के स्तर में कमी लाना है। ड्रग मुक्त हरियाणा और महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष बल दिया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग का है यह प्लान
महिला एवं बाल विकास विभाग अगले पांच साल में हरियाणा को एनीमिया मुक्त करने की दिशा में विशेष तौर से कार्य करेगा, जिसमें महिला एवं बच्चों में एनीमिया की कमी को दूर करने के लिए पोषक आहार संबंधित जानकारियां बच्चों के माता-पिता और गर्भवती महिलाओं को दी जाएंगी। खाद्य पदार्थों में पोषक तत्वों प्रयाप्त मात्रा में मिले, इसके लिए जैविक खाद्य पदार्थों के सेवन को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। विभाग द्वारा अभी से जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। अगले 5 सालों में आंगनवाड़ी केंद्रों को मॉर्डन आंगनवाड़ी केंद्र बनाने की ओर कार्य किया जाएगा।
हरियाणा को ड्रग मुक्त बनाना है सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग का लक्ष्य
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों द्वारा आगामी 5 वर्षों की योजना से अवगत करवाया कि विभाग का मुख्य उद्देश्य हरियाणा को ड्रग मुक्त बनाना है। इसके लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। स्कूल और कॉलेजों में काउंसलिंग की आवश्यकता है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग भी इस ओर कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा, हर जिले में वृद्धाश्रम खोलने की भी योजना है।
12वीं पास बच्चों को सक्षम योजना के तहत मिलेगा रोजगार
श्रम एवं रोजगार विभाग ने के अधिकारियों ने बताया कि बारहंवीं पास बच्चों को सक्षम योजना के तहत रोजगार देने की योजना है। इसके साथ ही भविष्य में 4000 बच्चों को कौशल प्रशिक्षण देने की भी योजना है। बैठक में बताया गया कि भविष्य में निजी कम्पनियों के साथ मिलकर तीन लाख युवाओं को रोजगार देने की योजना है।
हर घर तक पानी पहुंचाने की तैयारी
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक जल ही जीवन योजना के क्रियान्वयन के मामले में हरियाणा देश में अग्रणी स्थान पर है। इस योजना के तहत वर्ष 2023 तक 90 प्रतिशत और 2024 तक शत-प्रतिशत कार्य करने की योजना तैयार की गई है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की प्राथमिकता नल से जल योजना के तहत हर घर तक पानी पहुंचाना है। हर जिले में पानी की उपलब्धता करवाना और जहां पानी के गुणवत्ता स्तर में कमी है उसमें सुधार करना है। इसके अलावा, री-यूज वॉटर सिस्टम को सही तरीके से लागू करने पर भी ध्यान दिया जाएगा। विभाग द्वारा जल संचय योजना के तहत कार्य किया जा रहा है। ग्रामीण विकास विभाग द्वारा गांव में बायोगैस प्लांट बनाने पर जोर दिया जाएगा, इससे गांव गोबर मुक्त बनेंगे और ग्रामीणों को गैस की उपलब्धता भी होगी। हर गांव में जिम खोले जाएंगे। सीवरेज की व्यवस्था की जाएगी।
प्लास्टिक मुक्त हरियाणा पर जोर, घग्गर-यमुना की सफाई की तैयारी
पर्यावरण विभाग द्वारा प्लास्टिक मुक्त हरियाणा बनाने पर जोर दिया जाएगा। इसके लिए विभाग द्वारा सिंगल युज प्लास्टिक का उपयोग न करने और कपड़े तथा जूट के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देना आरंभ कर दिया गया है। यमुना और घग्गर नदियों की सफाई के लिए भी कार्ययोजना तैयार की गई है।
हर गांव में चिकित्सा सुविधा पर जोर, ज्यादा से ज्यादा खुलेंगे नशा मुक्ति केंद्र
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ओर से आगामी 5 वर्षों की योजना से अवगत करवाते हुए बताया गया कि चिकित्सा स्तर में और अधिक सुधार लाए जाएंगे। नशा मुक्ति केंद्र बनाए जाएंगे। हर गांव में चिकित्सा सुविधा मुहैया करवाने पर बल दिया जाएगा। इसके साथ ही रोहतक पीजीआई में हर प्रकार की बीमारी के इलाज की सुविधा की व्यवस्था की जाएगी ताकि प्रदेश के व्यक्ति को इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े। 1400 हेल्थ एंड वेलनैस सेंटर बनाए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग द्वारा बताया गया कि ट्रेन लेवल क्रॉसिंग फ्री करने की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे और आरओबी तथा आरयूबी का निर्माण किया जाएगा। हर शहर के बाईपास बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
हर कॉलेज में फ्री वाई-फाई व आनलाइन पढ़ाई की तैयारी
उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से प्रत्येक 20 किलोमीटर पर एक कॉलेज बनाने पर कार्य चल रहा है। भविष्य में कॉलेजों में स्टार्टअप की शुरूआत करने की योजना है ताकि युवा रोजगार पूरक बन सके या अपना व्यवसाय शुरू कर सके। हर कॉलेज में फ्री वाई-फाई देने और आॅनलाइन कॉर्स के माध्यम से पढ़ाई करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
उद्योग विभाग द्वारा लघु, सूक्ष्म और मध्यम उद्योगों को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। आईटी विभाग द्वारा योजना तैयार की गई है जिससे आगामी 5 वर्षों में हर विभाग को ई-आॅफिस के माध्यम से पूरी तरह आॅनलाइन कर दिया जाएगा।


0 Comments