हरियाणा : ग्रुप डी में पुरानी खेल पोलिसी के तहत भर्ती हुए युवाओं की बर्खास्तगी प्रक्रिया शुरु 

 11 सितंबर 2019, 5:13 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। प्रवीन कम्बोज
चंडीगढ़। ग्रुप-डी के 18,218 पदों की भर्ती में स्पोर्ट्स कोटे से पुरानी खेल पॉलिसी के अनुसार बने ग्रेडेशन सर्टिफिकेट के आधार पर नौकरी लगे युवाओं पर अब बर्खास्तगी की तलवार लटक गई है। इन्हें बाहर किए जाने के लिए कुछ विभागों ने प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अभी तक पशुपालन विभाग और पीडब्ल्यूडी में कइयों को बर्खास्त किया जा चुका है। अन्य महकमों में भी ऐसे युवाओं से ग्रेडेशन सर्टिफिकेट की पुष्टि के लिए 31 अगस्त तक का समय दिया गया था, जो निकल चुका है। वहीं, 8 माह बाद नौकरी से हटाए जाने पर कई युवा हाईकोर्ट में चले गए हैं। हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन की ओर से पिछले साल भर्ती प्रक्रिया शुरू कर जनवरी में जींद उपचुनाव से पहले ही इन पदों पर जॉइनिंग दी गई थी। जब सरकार ने नई पॉलिसी लागू कर दी तो पुरानी पॉलिसी के अनुसार बने ग्रेडेशन सर्टिफिकेट वाले युवाओं को नौकरी क्यों दी गई। खास बात यह भी है कि नई पॉलिसी के अनुसार इस भर्ती तक केवल 580 ग्रेडेशन सर्टिफिकेट ही बने थे। ऐसे में जॉइनिंग के वक्त ही यह देखा जाना चाहिए था कि जब 580 सर्टिफिकेट ही बने हैं तो 1518 की जॉइनिंग कैसे हो रही है।बता दें कि एचएसएससी ने 26 अगस्त 2018 को ग्रुप-डी के 18,218 पदों के लिए आवेदन मांगे। 1518 पद स्पोर्ट्स कोटे के लिए तय किए। ग्रेडेशन सर्टिफकेट को अनिवार्य बताया, पर नई-पुरानी पॉलिसी का जिक्र नहीं किया। खिलाड़ियों ने लिखित परीक्षा पास करने के बाद सभी दस्तावेज भी जमा कराए, लेकिन किसी ने दस्तावेजों को परखा नहीं। कुछ युवा पुरानी पॉलिसी के ग्रेडेशन सर्टिफिकेट पर आॅब्जेक्श जताते हुए हाईकोर्ट चले गए तो चीफ सेक्रेटरी ने सभी के ग्रेडेशन सर्टिफिकेट की जांच के आदेश दे दिए। अब जिला स्तर व स्कूली गेम्स के सर्टिफिकेट अमान्य कर दिए गए।