दिग्विजय चौटाला का पलटवार, जींद ने सूरजेवाला को दिखा दिया था उनका धरातल, अब कैथल चटाएगा धूल

दिग्विजय का पलटवार, जींद ने सूरजेवाला को दिखा दिया था उनका धरातल, अब कैथल चटाएगा धूल 
बोले, जींद उपचुनाव को ना भूलें रणदीप सुरजेवाला


16 सितंबर 2019, 10:33 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
चंडीगढ़। जननायक जनता पार्टी के युवा नेता दिग्विजय चौटाला ने कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के उस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है जिसमें सुरजेवाला ने चौधरी ओमप्रकाश चौटाला पर टिप्पणी की थी। दिग्विजय ने कहा कि रणदीप सुरजेवाला को घमंड दिखाने की बजाय इसी साल हुआ जींद उपचुनाव याद कर लेना चाहिए जब उनकी जमानत मुश्किल से बची थी। उन्होंने कहा कि रणदीप सुरजेवाला किसी भी मायने में चौधरी ओमप्रकाश चौटाला पर टिप्पणी करने का कद नहीं रखते। अपने दादा चौधरी ओमप्रकाश चौटाला पर रणदीप की टिप्पणी को लेकर दिग्विजय ने कहा कि 50 वर्ष से राज्य की चुनावी राजनीति में सकारात्मक योगदान देने वाले और 5 बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे ओमप्रकाश चौटाला को लेकर सुरजेवाला की टिप्पणी उनके खोखले घमंड को दिखाती है। उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा में ओमप्रकाश चौटाला जी की साख है और रणदीप उसके अंश के बराबर भी नहीं। उन्होंने याद दिलाया कि खुद को तुर्रमखां समझने वाले रणदीप सुरजेवाला जनवरी में हुए जींद उपचुनाव में बमुश्किल 22 हजार वोट ले पाए थे और उनकी जमानत 900 वोटों से बची थी। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि अब कैथल की जनता रणदीप सुरजेवाला को उनकी राजनीतिक हैसियत दिखा देगी। दिग्विजय ने कड़े शब्दों में कहा कि चौटाला साहब पर टिप्पणी से पहले रणदीप को अपने परिवार के इतिहास और कुकृत्यों के बारे में याद कर लेना चाहिए।

राजनीतिक रंजिश के चलते ओमप्रकाश चौटाला को भिजवाया जेल 
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि रणदीप सुरजेवाला की राजनीतिक रंजिश के चलते ओमप्रकाश चौटाला और अजय सिंह चौटाला को जेल भिजवाने वालों में शामिल थे। उन्होंने कहा कि भले ही उनके पिता और दादा जेल में हो, हरियाणा के आम लोग इस बात को महसूस करते और मानते हैं कि वे हरियाणा के लोगों के लिए जेल काट रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments