हरियाणा : राहगिरी में भीड़ जुटाने को सामाजिक संस्थाओं का सहयोग लेगी सरकार
एडीजीपी ओपी सिंह ने सभी जिलों के अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दिए हैं निर्देश
05 सितंबर 2019, 7:13 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। राहगिरी में भीड़ जुटाने के लिए अब सरकार सामाजिक संस्थाओं का भी सहयोग लेगी। मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी एडीजीपी ओपी सिंह ने आज सभी जिलों के अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इस बाबत निर्देश दे दिए हैं। उन्होंने सभी जिलों के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से राहगिरी में जनभागीदारी बढ़ाए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिया है कि राहगिरी के मंच को आमजन में मताधिकार के इस्तेमाल व सड़क सुरक्षा उपायों जैसे विषयों के प्रति जागरूकता पैदा करने में भी प्रयोग किया जाए। उन्होंने सभी जिलों में राहगिरी को नए तरीके से आयोजित करके इसके उद्देश्य को पूरा करने के संबंध में विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलों को 8 सितंबर को जोश व उत्साह के साथ राहगिरी कार्यक्रम का आयोजन करवाने को कहा। एडीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि राहगिरी का मुख्य मकसद सरकार व प्रशासन का आमजन के साथ अच्छा तालमेल व लोगों के बीच रिश्तों को मधुर बनाना है। उन्होंने कहा कि शहरों में बस रहे आपस में एक-दूसरे से अनजान व्यक्तियों को एक ऐसा प्लेटफार्म राहगिरी के माध्यम से उपलब्ध करवाया जाता है जहां आकर वे विविध गतिविधियों में भागीदारी करके खुशी का अनुभव करें और आपस में परिचय प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि खराब जीवन शैली के कारण जीवन में अनेक प्रकार की गंभीर बीमारियां व एक-दूसरे से तालमेल के अभाव में आपराधिक गतिविधियों में वृद्घि हो रही है। राहगिरी के माध्यम से लोग सक्रिय जीवन शैली को अपनाने के लिए प्रेरित होते हैं और उनमें साकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने एक-सवा साल के दौरान राहगिरी कार्यक्रमों की गुणवत्ता में हुई बढ़ोतरी की सराहना की।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी व्यक्तिगत रुचि के साथ राहगिरी कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि राहगिरी में प्रतिभागियों की संख्या को बढ़ाने के लिए लायंस क्लब, रोटरी क्लब, डांस अकेडमी, जिम व अन्य सामाजिक संस्थाओं को भी भागीदार बनाया जाए। उन्होंने जिला खेल अधिकारी व जिला शिक्षा अधिकारी को अपने कोच, पीटीआई व डीपीई के माध्यम से खिलाडिय़ों व विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने राहगिरी में महाविद्यालयों की भागीदारी भी बढ़ाने के संबंध में विशेष हिदायतें दीं।
हिसार से हुई थी राहगिरी कार्यक्रम की शुरुआत
एडीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि राहगिरी कार्यक्रम का शुभारंभ हिसार जिला से हुआ था और जिला के अधिकारी अधिकतम जनभागीदारी के गौरव को भविष्य में भी कायम रखें। उन्होंने कहा कि हिसार की जनता बहुत जागरूक और अच्छी है तथा राहगिरी कार्यक्रम के माध्यम से यहां बहुत अच्छा माहौल बनता है जिसके लिए उन्होंने अधिकारियों व जिलावासियों के प्रयासों की सराहना की।
8 सितंबर की राहगिरी में होंगे नए प्रयोग
एसडीएम परमजीत सिंह ने एडीजीपी को बताया कि पूर्व की भांति आगे भी राहगिरी कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 8 सितंबर को राहगिरी कार्यक्रम में विशेष व नवीन प्रयोग किए जाएंगे। राहगिरी के सफल आयोजन की रणनीति व कार्ययोजना बनाने के लिए कल 6 सितंबर को प्रात: 11 बजे उनके कार्यालय में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी।



0 Comments