स्वराज इंडिया अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने सीएम मनोहर लाल खट्टर को याद दिलाए हैं ये चार वादे
3 सितंबर 2019, 8:39 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
पंचकूला। हरियाणा में जनसरोकार अभियान का नेतृत्व कर रहे स्वराज इंडिया अध्यक्ष और जय किसान आंदोलन के नेता योगेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा जनता से पूर्व में किए गए चार वादे याद दिलाए हैं। उन्होंने कहा कि सीएम खट्टर ने प्रदेश के प्रत्येक गरीब परिवार को मध्य प्रदेश सरकार की तर्ज पर 1 रुपए किलो अनाज प्रदान किये जाने का वादा किया था, क्या हुआ। उन्होंने कहा कि सीएम मनोहर लाल ने गुजरात सरकार की तर्ज पर दो लाख रुपए वार्षिक आय के अंतर्गत आने वाले गरीब परिवारों को 2 कमरों वाले मकान 20 वर्षों की सस्ती ब्याज दरों पर बनाकर दिए जाएंगे, क्या यह वादा पूरा किया गय। तीसरे वादे में सीएम ने कहा थ कि सभी अवैध कॉलनियों को नियमित कर उनमें सुविधाएँ प्रदान की जाएंगी, डिस्ट्रिक्ट प्लानिंग बोर्ड को पुन:जीवित किया जाएगा। उनको योजनाबद्ध करने की नीति बनाई जाएगी, क्या ये सब पूरा हुई। इसके साथ ही सीएम ने सभी सफाई कर्मचारियों को नियमित कर उनका न्यूनतम वेतन 15000 रुपए मासिक किए जाने का ऐलान किया था, क्या यह वादा भी पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव से ऐन पहले मुख्यमंत्री द्वारा किसानों के कर्ज पर ब्याज और पैनल्टी माफ करने की घोषणा किसानों की आंख में फिर धूल झोंकने की कोशिश है। किसान और किसान आंदोलनों ने कर्ज मुक्ति की मांग की थी जिसके बदले मुख्यमंत्री ने बकाया कर्ज के ब्याज और पैनल्टी पर आंशिक छूट की घोषणा की है और वह भी कई शर्तों के साथ। इस घोषणा का असर केवल उन किसानों पर पड़ेगा जिन्होंने सहकारी और जिला बैंक से लोन लिया है राष्ट्रीय कृत बैंकों से लोन लेने वाले किसानों को कोई फायदा नहीं मिलेगा। जो भी सरकार ने ब्याज माफ नहीं किया है उसमें केवल आंशिक छूट ही घोषित की है। जिस प्रदेश में किसान कर्ज के बोझ के तले दबे हुए हैं वहां 5 साल के बाद ऐसी आधी अधूरी घोषणा करना एक क्रूर व्यंग कहा जाएगा। ज्ञात हो कि स्वराज इंडिया हर दिन अपने जनसरोकार अभियान के तहत खट्टर सरकार के काम से संबंधित किसी नए मुद्दे पर तथ्यात्मक ढंग से खुलासा कर रही है। गरीबों और वंचितों से 2014 घोषणापत्र में भाजपा द्वारा किए वादों को याद दिलाते हुए स्वराज इंडिया ने बयान जारी कर हरियाणा की खट्टर सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। योगेंद्र यादव ने कहा कि इन सभी लिखित वादों ओर सरकार ने हरियाणा की गरीब और वंचित जनता के साथ वादाखिलाफी की है। सरकार ने जिन 910 कॉलोनियों को चिन्हित किया उनमें से भी वर्ष 2018 तक सिर्फ 76 कॉलोनियों को रेगुलराइज किया गया है। हरियाणा की जनता का आशीर्वाद लेने निकले मुख्यमंत्री खट्टर ने तो बाकी वादों पर तो कुछ भी काम नहीं किया।
हरियाणा को एक नए विकल्प की जरूरत : गोदारा
स्वराज इंडिया प्रदेश अध्यक्ष राजीव गोदारा ने बीजेपी सरकार को निक्कमा और विपक्षी पार्टियों को बेकार बताते हुए कहा कि हरियाणा को एक नए विकल्प की जरूरत है। उन्होंने ने बताया कि जनसरोकार अभियान के तहत बहादुरगढ़ और रोहतक होते हुए यात्रा रेवाड़ी पहुंच गई है जिसका हरियाणा के 13 जिलों से होते हुए 9 सितंबर को मुख्यमंत्री के क्षेत्र करनाल में समापन होगा।

0 Comments