कुलदीप की नलवा जनसंपर्क रैली में उमडा़ जनसैलाब, बोले आदमपुर और नलवा मेरी दो आंखें
8 सितंबर 2019, 9:59 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
हिसार।भीषण गर्मी के मौसम के बावजूद पनिहार फार्म पर आयोजित नलवा जनसमर्थन रैली में उमड़े भारी जनसैलाब से एक बार फिर साबित हो गया कि कुलदीप बिश्नोई का क्षेत्र में राजनीतिक वजूद ज्यों का त्यों हैं और लोगों में उनके प्रति उत्साह आज यह दर्शा रहा था कि विपरित परिस्थतियों के बावजूद कुलदीप बिश्नोई के नाम पर भीड़ आज भी पहले जैसी रैलियों में उमड़ती है। केन्द्रीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं विधायक कुलदीप बिश्नोई ने आज पनिहार चक चौक पर कांग्रेस नेता रणधीर पनिहार द्वारा आयोजित विशाल नलवा जनसमर्थल रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आदमपुर और नलवा हलका मेरी दो आंखों की तरह है। आदमपुर की तरह ही नलवा हलके का प्रत्येक निवासी हमारा पारिवारिक सदस्य है। नलवा हलके से अपनेपन का ही कारण रहा कि मैंने पिछले दोनों विधानसभा चुनावों में यहां से हमारे पारिवारिक सदस्य को ही चुनाव मैदान में उतारा। भाई रणधीर पनिहार परिवार के साथ हमारा तीन पीढिय़ों का नाता है। समय चाहे कैसा भी रहा हो मेरे भाई, मेरे साथी रणधीर पनिहार ने मेरा कभी साथ नहीं छोड़ा। दुख में, सुख में हर मुश्किल परिस्थिति में वे एक भाई की तरह हमेशा मेरे साथ खड़ा रहे। मेरे लिए वे भाई से भी बढ़कर हैं और इस बार अपने भाई को विधानसभा में पहुंचाने की जिम्मेवारी मेरे कंधों पर है। विशाल भीड़ को देखकर कुलदीप बिश्नोई ने रणधीर पनिहार की पीठ थपथपाते हुए कहा कि इनका परिवार पनिहार चक गांव में पिछले कई दशकों से सरपंद पद का प्रतिनिधित्व कर रहा है। दशकों तक एक ही परिवार से प्रतिनिधि का ऐसा दूसरा उदाहरण शायद ही किसी और गांव में देखने को मिले। गांव में इतने वर्षों तक सरंपच के पद पर बने रहना कोई साधारण बात नहीं है। रणधीर पनिहार ने अपने मिलनसार एवं सौम्य स्वभाव से लोगों का दिल जितने में सफलता पाई है और उनकी अगली कड़ी अब विधानसभा का चुनाव है, जिसमें उन्हें आप लोगों ने आशीर्वाद देना है। जिस प्रकार से आज हजारों की संख्या में पहुंचकर आप लोगों ने हमें आशीर्वाद दिया है तो एक बात तो मैं निश्चित तौर पर कह सकता हूँ कि नलवा हलके की जनता भाजपा के कुशासन से प्रताडि़त है और कांग्रेस पार्टी की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। रणधीर पनिहार आपके बीच के, आपके घर के, 24 घंटे हमारे इस नलवा हलके में काम करने वाले ईमानदार, मिलनसार व्यक्ति हैं। सारे मिलकर इनको साथ देना। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव में जनता को भ्रमित करने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी और हर पैंतरे अपनाकर लोगों को यह दर्शा दिया कि कांग्रेस ने तो देश के लिए कुछ किया ही नहीं। छद्म राष्ट्रवाद की ऐसी झूठी लहर सोशल मीडिया के माध्यम से चलाई, जिसमें देश का युवा वर्ग बह गया और हमें बहुत ज्यादा नुकसान पिछले लोकसभा चुनाव में हो गया। यह नुकसान सिर्फ हमें नहीं, बल्कि नलवा सहित पूरे हिसार लोकसभा क्षेत्र की जनता को हुआ, क्योंकि आज एक ऐसा व्यक्ति आप लोगों ने संसद में भेज दिया, जिसकी शक्ल तक आप लोग अच्छी तरह से नहीं जानते। रैली को हांसी की विधायक रेनुका बिश्नोई, पूर्व सांसद पं. रामजीलाल सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया। इस दौरान पूर्व विधायक मेजर नृपेन्द्र, मान सिंह सरपंच, संजय गौतम, रामनिवास राड़ा, जयवीर गिल, गुलजार सिंह काहलो, बलदेव खोखर, बहादुर चंद शर्मा, रामफल बूरा, पवन गंगवा, रोहताश गावड़, बलराज सभ्रवाल, रविन्द्र बहार, रामनिवास कौशिक, अजित बांडाहेड़ी, सुनील सैनी, राजेश कासनिया, राजेश हिाग, विजय बिश्नोई, भगत सिंह लोरा, दलबीर सलेम$गढ्, प्रवीण वाल्मीकि, रामनिवास शर्मा, संजय भोंगरा, रमेश राणा, विरेन्द्र बामल, अनिल लितानी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकत्र्ता उपस्थित थे।
अपना आदमी ही कर सकता है अपने इलाके का भला कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि अपणे क्षेत्र, अपणे इलाके का भला अपणा आदमी ही कर सकता है और आपको अपने बच्चों को समझाना होगा कि आपके इस इलाके में जहां पहले धूल उड़ा करती थी, इस क्षेत्र में हरियाली लाने के लिए चौ. भजनलाल ने नहरों का जाल बिछाया और गावों में पीने के पानी के लिए डिग्गियों का। आज आप लोग पीने के पाणी के लिए भी तरस रहे हैं। मुख्यमंत्री जी आपके इलाके में आए। आपकी समस्या सुनणा तो दूर रथ से उतरकर आपके बीच तक नहीं आए। ऐसे ही आदमपुर हलके के बुड़ाक के ग्रामीण धरने पर बैठे हैं पानी के लिए उनकी भी मांग नहीं सुणी। नलवा हलके के किसान पिछले चार सालों से लगातार सिंचाई पानी के लिए आंदोलनरत रहे हैं। धरने पर बैठे रहे। मैं भी धरने पर आया, रेनुका भी धरने पर आई आपकी मांग सुनी और विधानसभा में आपकी आवाज उठाई। कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ पानी के लिए धरना दे रहे किसानों से दो सप्ताह पानी छोडऩे का वादा करके गए, लेकिन जब विधानसभा में मैंने उनसे पूछा कि नलवा, आदमपुर हलके के किसान पानी के लिए तरस रहे हैं आप दो सप्ताह पानी छोडऩे का वादा उनसे करके आए हैं, उसे पूरा तो करवाओ, तो उनका जवाब था कि पानी की कमी है परमात्मा से प्रार्थना करो कि बारिश हो जाए। ऐसी संवेदनहीन सरकार को लोकसभा में फिर आपने वोट दे दिए तो फिर काम करने वालों और काम न करने वालों के बीच में क्या फर्क रहा। रणधीर पनिहार 24 घंटे आप लोगों के बीच में रहते हैं। किसी भी आदमी को ये काम से मना नहीं करते। ऐसे लोगों को आप अगर मजबूती नहीं दोगे तो कौन आपके हितों के लिए संघर्ष करेंगा? कांग्रेस पार्टी का साथ दें। कार्यकत्र्ताओं की आस्था अलग-अलग नेताओं में हो सकती है, नेताओं के विचार भी अलग हो सकते हैं, लेकिन भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए पूरी कांग्रेस पार्टी एकजुट है।
लोगों ने आशीर्वाद दिया तो बनूंगा नलवा की आवाज : रणधीर पनिहार
रणधीर पनिहार ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी और कुलदीप बिश्नोई के सहयोग से अगर उन्हें विधानसभा में पहुंचने का अवसर मिला तो वे नलवा में विकास व रोजगार की कोई कमी नहीं रहने देंगे। पूर्व मुख्यमंत्री जननायक स्व. भजनलाल के सानिध्य में रहकर उन्होंने सीखा की किस प्रकार से लोगों के बीच रहकर काम करना है और कुलदीप बिश्नोई के साथ संघर्ष करके उन्होंने सीखा कि कुर्सी की बजाय जनहित की आवाज उठाकर किस प्रकार से राजनीति में रहकर ईमानदारी से जनसेवा की जाती है। पिछले 15 दिनों में वे हलके के हर गांव, ढाणी में लोगों से मिले हैं और लोगों में भाजपा सरकार के प्रति भारी रोष व्याप्त है। झूठी बातों, झांसों और अनाप-शनाप प्रचार से लोगों को दिखाया जा रहा है कि हर ओर खुशहाली है, जबकि जमीनी स्तर पर हालात इस सरकार में खतरनाक होते जा रहे हैं। सरकारी नीतियों से काम, धंधे चौपट हो रहे हैं, जिससे बेरोजगारी बढ़ रही है और युवाओं को नए रोजगार नहीं मिल रहे। किसानों की हालत तो इस सरकार में सबसे ज्यादा खराब है। न मंडियों में भाव मिला और ना ही खराब फसलों का मुआवजा ही यह सरकार दे पाई। उल्टा बैंकों से उनके खातों से किस्त काट ली गई। हलका वासियों के साथ मिलाकर उन्होंने इलाके में सिंचाई पानी के लिए लंबा संघर्ष किया है। हलके का कोई एक आदमी कह दे कि जब-जब उसने किसी भी काम के लिए रणधीर को बुलाया तो उन्होंने हमेशा प्रयास किया लोगों के काम आ सके।





0 Comments