प्रदीप बैनीवाल के भाजपा में शामिल होने को बिश्नोई महासभा ने बताया विश्वासघात, की कड़ी निंदा
3 सितंबर 2019, 7:58 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। हिसार बिश्नोई सभा कार्यकारिणी सदस्यों की एक बैठक आज उपप्रधान रामकुमार ज्याणी की अध्यक्षता में स्थानीय बिश्नोई मंदिर में हुई। बैठक में सभा के प्रधान प्रदीप बैनीवाल द्वारा भाजपा में शामिल होने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की गई और इसे बिश्नोई सभा हिसार का निर्णय न बताते हुए व्यक्ति विशेष का फैसला बताया। समस्त बिश्नोई सभा हिसार की कार्यकारिणी अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के सरंक्षक कुलदीप बिश्नोई के साथ है और भविष्य में भी हर कदम पर उनका साथ देगी। कार्यकारिणी में उपस्थित सभी सदस्यों ने एक सुर में कहा कि बिश्नोई समाज के सर्वेसर्वा बिश्नोई रत्न जननायक स्व. भजनलाल और कुलदीप बिश्नोई ने जो कार्य समाज की भलाई के लिए किए हैं वह कोई और नहीं कर सकता। प्रदीप बैनीवाल को हिसार बिश्नोई सभा का प्रधान कुलदीप बिश्नोई ने ही सर्वसम्मति से बनाया था। भाजपा के झांसे एवं किसी प्रलोभन में आकर प्रदीप बैनीवाल ने व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए समाज की भावनाओं का अनादर किया है। कार्यकारिणी सदस्यों ने कहा कि सभा के किसी भी सदस्य को अगर अपनी राजनीतिक महत्वकांक्षाओं की पूर्ति करनी हो तो समाज द्वारा दिए हुए पद का दुरूपयोग न करते हुए इस्तीफा दें। बैठक में उपप्रधान कृष्ण कुमार खिचड़, कोषाध्यक्ष अनिल पूनिया, सचिव कुलदीप देहडू, सह सचिव विकास फुरसानी, कार्यकारिणी सदस्य अमर सिंह मांझू, ओमप्रकाश कड़वासरा, प्रहलाद खिचड़, श्रीमती प्रोमिला भांभू समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
भाजपा की गोदी में बैठने वालों का कभी नहीं होगा भला : बिश्नोई महासभा
हिसार। श्री गुरू जंभेश्वर सेवक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुक्ति धाम मुकाम व अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा शाखा हिसार अध्यक्ष सहदेव कालीराणा, बिश्नोई सभा हिसार के पूर्व प्रधान सुभाष देहडू, महासभा सदस्य राजाराम खिचड़, महासभा सदस्य विकास फुरसानी, सदस्य मनोहर लाल गोदारा, सदस्य कृष्ण राहड़, सुनील गोदारा, बंसीलाल राहड़, सुधीर काकड़, जगदीश कड़वासरा, मखनलाल पूनिया, पृथ्वी सिंह खिचड़ ने यहां जारी एक संयुक्त पै्रस विज्ञप्ति में कहा कि बिश्नोई सभा हिसार के प्रधान प्रदीप बैनीवाल द्वारा भाजपा में शामिल होने की कड़े शब्दों में भर्तसना करते हुए बिश्नोई समाज की भावनाओं का अनादर बताया। सभी ने इस फैसले का एक सुर में विरोध करते हुए कहा कि सत्ता के लालच में आकर कुछ लोग चौ. भजनलाल एवं कुलदीप बिश्नोई के अहसानों को भूल गए हैं जिस चौ. कुलदीप बिश्नोई ने प्रदीप बैनीवाल को बिश्नोई सभा हिसार का प्रधान बनाया उनकी ही पीठ में छुरा घोंपते हुए भाजपा की गोदी में बैठने वालों का कभी भला नहीं होगा। समाज के मंच का अपनी राजनीतिक स्वार्थपूर्ति के लिए दुरूपयोग करने वाले समाज के दुश्मन होते हैं।


0 Comments