‘पेड़ लगाने वालों फूलो फलो, मेरी यही दुआ है दोस्तों’
काव्य गोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण का दिया अद्भुत संदेश
16 सितंबर 2019, 1:15 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। वृक्ष बचेगा तो हम बचेंगे। धरती पर अगर वृक्षों को खत्म कर दिया गया तो धरती ही नहीं रहेगी। चंद्रमा पर वृक्ष नहीं हैं तो वहां जीवन नहीं है। इसलिए मानवता को बचाने के लिए वृक्षों को अधिक से अधिक उगाना चाहिए। उक्त विचार वृक्षमित्र पर्यावरण बचाओ समिति के अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने समिति द्वारा आयोजित काव्यगोष्ठी में रखे। विदित रहे वृक्षमित्र पर्यावरण बचाओ समिति द्वारा हर महीने काव्यगोष्ठी का आयोजन किया जाता है जिसके माध्यम से समाज में पयार्वारण बचाने का संदेश दिया जाता है। आज की काव्यगोष्ठी में कवि भीमसिंह हुड्डा ने अपनी कविता के माध्यम से पर्यावरण का संदेश यूं दिया,'पेड़ लगाने वालों फूलो फलो, मेरी यही दुआ है दोस्तों, जिन्होंने पेड़ लगाए उनका भला ही हुआ है दोस्तों। वयोवृद्ध कवि जयसिंह रावत ने भी कविता के माध्यम से संदेश दिया 'अति गर्मी, अति सर्दी ने कर दिया जीना मुहाल, कहीं बाढ़, कहीं सूखा, बिगाड़ा पर्यावरण तो उठे तुफान। कवि शुभकरण गौड़, जयभगवान लाडवाल, बेगराजसिंह आदि ने भी काव्यपाठ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष अशोक गुप्ता की वहीं मंच संचालन जयभगवान लाडवाल ने किया।


0 Comments