हिसार : पशुपालकों को सुविधाएं देने में अव्वल रहा नारनौंद विधानसभा क्षेत्र
17 सितंबर 2019, 11:58
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाने, उनके पशुधन को सुरक्षित रखने व उनकी आमदनी में बढ़ोतरी करने के लिए हरियाणा सरकार ने ऐसी नीतियां लागू की हैं जिनका परिणाम भी स्पष्ट दिखाई देने लगा है। इसमें भी नारनौंद विधानसभा क्षेत्र पशुपालकों को सुविधाएं देने में अव्वल रहा है। नारनौंद क्षेत्र सदियों से पशुपालन गतिविधियों का गढ़ रहा है। इस क्षेत्र की मुर्रा जाति की भैंस व झोटे देशभर में प्रसिद्ध हैं। यहां के पशुपालक इन भैंस व झोटों से लाखों रुपए प्रति वर्ष पशु, दूध व सीमन बेचकर अपनी आय के साथ-साथ अच्छी नस्ल तैयार करने में पशुपालकों की मदद कर रहे हैं। पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. डी.एस. सिंधु ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा पशुपालन के विकास के लिए पिछले 5 सालों में नारनौंद क्षेत्र में 12 नए पशु औषधालय खोले गए हैं। इनमें धर्मखेड़ी, भकलाना, कोथ खुर्द, महजद, कागसर, सुलचानी, गामड़ा, नाड़ा, मौहल्ला, मदनहेड़ी, सिसाय कालीरामन व चिंदड़ गांवों में खोले गए नए पशु औषधालय शामिल हैं। इन औषधालयों में करोड़ों की लागत से नए भवन बनवाकर स्टाफ की नियुक्ति की गई है जिससे लगभग 30 हजार पशुपालकों को सीधा लाभ मिल रहा है। गांव में ही पशुपालन व पशु चिकित्सा की सुविधा मिलने लगी है। इनके अतिरिक्त क्षेत्र के 9 पशु औषधालयों का दर्जा बढ़ा कर पशु चिकित्सालय बनाया गया है। इसमें गांव खांडा खेड़ी, उगालन, सिघंवा खास, डाटा, मसुदपुर, गुराना, कोथ कलां, खेड़ी जालब व खानपुर शामिल हैं। यहां वेटर्नरी सर्जन की नियुक्ति करके पशुपालकों को बेहतर पशु चिकित्सा उपलब्ध करवाई जा रही हैं। पशुपालन के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की सेवाएं प्रदान करने हेतु लाला लाजपत राय चिकित्सा विश्वविद्यालय द्वारा गांव खांडा खेड़ी में मुर्रा अनुसंधान व कौशल विकास केंद्र की स्थापना की गई है जिसके तहत विश्व प्रसिद्घ मुर्रा भैंस के विकास केंद्र की स्थापना की है जिसके तहत विश्व प्रसिद्ध मुर्रा भैंस के विकास व प्रचार के लिए अनुसंधान केंद्र, आधुनिक पशु चिकित्सा सेवाएं जैसे एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड प्रयोगशाला की स्थापना होगी। उन्होंने बताया कि दूध व इससे तैयार होने वाले खाद्य पदार्थ, डेरी ट्रेनिंग व मिनी चिलिंग सेंटर की स्थापना होगी जिसमेंं प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष तौर पर सैकड़ों युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसी कड़ी में हरियाणा के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने गामड़ा में
32.58 लाख रुपए की लागत से बने पशु औषधालय के नए भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर युवा भाजपा नेता अजय सिंधु, उप निदेशक डॉ. डीएस सिंधु, वेटर्नरी सर्जन डॉ. सुधीर मलिक व डिप्लोमा वेटनरी एसोसिएशन प्रधान कैलाशश्योराण, सरपंच सतीश कुमार व गांव के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


0 Comments