महिला उद्यमिता पर नियमित पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी में सरकार
2 सितंबर 2019, 1:00 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़। हरियाणा के उद्योग, वाणिज्य तथा औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं को उद्यमिता और व्यवसाय विकास के क्षेत्र में प्रेरित करने के लिए महिला उद्यमिता पर एक नियमित पाठ्यक्रम शुरू किया जायेगा। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के अंतर्गत चलाये जाने वाले इस पाठ्यक्रम में उद्यमिता के क्षेत्र में इच्छा रखने वाली छात्राओं को उद्यम शुरू करने के लिए आवश्यक औपचारिक प्रशिक्षण दिया जायेगा। उद्योग मंत्री ने आईएमएसएमई आॅफ इंडिया को श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के साथ मिलकर महिला उद्यमिता पर पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए एक आधिकारिक प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि कौशल विश्वविद्यालय के साथ मिलकर महिला उद्यमिता पर एक नियमित कार्यक्रम शुरू करने की संभावनाओं पर विचार किया जा सकता है। इससे पूर्व, आईएमएसएमई आॅफ इंडिया के चेयरमैन राजीव चावला ने मंत्री को लड़कियों के लिए चलाये गये उद्यमिता कार्यक्रम के बारे में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आईएमएसएमई आॅफ इंडिया के महिला उद्यमी प्रकोष्ठ ने पिछले साल 12 कॉलेजों और 200 से अधिक लड़कियों की भागीदारी के साथ इस कार्यक्रम की शुरूआत की थी। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी लड़कियों में से 45 लड़कियों को उनके स्टार्ट-अप प्रस्तावों को चुना गया है। इस अवसर पर श्री चावला ने उद्योग मंत्री से विद्यार्थियों के स्टार्ट-अप प्रस्तावों को सहयोग देने की अपील की, जिस पर उद्योग मंत्री ने विद्यार्थियों के चुनिंदा प्रस्तावों को सहयोग देने की आश्वासन दिया तथा शैक्षिक संस्थानों, स्थानीय प्रशासन और उद्योग से जुड़े लोगों से भी विद्यार्थियों के स्टार्ट-अप प्रस्तावों को सहयोग देने का आह्वान किया। इस अवसर पर, उद्योग मंत्री ने विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किये।


0 Comments