आदमपुर : कुलदीप ने वर्करों संग किया मंथन, कांग्रेस को बूथ स्तर पर मजबूत करने को बनाया प्लान

आदमपुर : कुलदीप ने वर्करों संग किया मंथन, कांग्रेस को बूथ स्तर पर मजबूत करने को बनाया प्लान 


15 सितंबर 2019, 1:41 PM 
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
आदमपुर। कांग्रेस केन्द्रीय कार्यसमिति सदस्य एवं विधायक कुलदीप बिश्नोई ने जनसंपर्क अभियान के चरण में गत दिवस सदलपुर, खैरमपुर, मंडी आदमपुर की मित्तल मार्केट, काकड़ मार्केट, लाइन पार शनि मंदिर के पास, पंजाबी मौहल्ला तथा दुर्गा कालोनी में अनेक कार्यक्रमों में भाग लिया, लोगों की समस्याएं सुनी तथा मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारी से फोन पर बात करके जनसमस्या दूर करने के निर्देश दिए। भव्य बिश्नोई ने गांव बालसमंद, डोभी, सीसवाल, काबरेल तथा सलेमगढ़ में जनसपंर्क अभियान चलाया और कार्यकर्ताओं के साथ बूथों पर पार्टी की और ज्यादा मजबूती के लिए रणनीति बनाई। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि आदमपुर हलके के ज्यादातर गांवों के किसानों की ग्वार, नरमा तथा मूंग की फसल पानी की कमी की वजह से सूखकर लगभग खराब हो गई है। किसानों ने उन्हें सूखी फसलें भी दिखाई हैं और बताया कि सिंचाई पानी की घोर किल्लत के कारण उन्हें एक बार फिर बड़ी आर्थिक हानि होगी। विधायक ने सरकार से मांग की कि ग्वार, नरमा तथा मूंग की फसलों की गिरदावरी करवाकर तुरंत किसानों को मुआवजा दिया जाए। भाजपा सरकार में किसानों पर दोहरी मार पड़ रही है। एक ओर सरकार टै्रक्टर पर अनाप-शनाप चालान काटकर उन्हें प्रताड़ित कर रही हैं, वहीं टेल तक पानी न पहुंच पाने के कारण किसानों की फसलें खराब हो रही हैं। चौ. भजनलाल के शासनकाल में क्षेत्र की नहरों में तीन-तीन सप्ताह पानी चलता था, मगर पिछले पांच साल की बीजेपी सरकार ने किसानों को दो सप्ताह भी पानी नहीं दिया, जिस वजह से खेती में किसानों को लगातार घाटा होता जा रहा है और वह कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है। उन्होंने हलका वासियों से आह्वान किया आगामी विधानसभा चुनाव में सभी बातों को भुलाकर सिर्फ अपने-पराए की पहचान करके फैसला लें, ताकि आदमपुर हलके की मिसाल जो पूरे देश में दी जाती है वह कायम रह सके। जो लोग कभी यहां आए नहीं, जिन लोगों को आदमपुर के विकास व रोजगार से कोई मतलब नहीं है, ऐसा व्यक्ति पिछले लोकसभा में आदमपुर हलके से भी वोट ले गया। भव्य ने गांवों में युवाओं को आह्वान करते हुए कहा कि क्षेत्र में जो काम हुए हैं वह चौ. भजनलाल और कुलदीप बिश्नोई ने ही करवाए हैं और आगे भी कुलदीप बिश्नोई ही क्षेत्र के युवाओं का भविष्य संवार सकते हैं, इसलिए सोशल मीडिया के भ्रामक प्रचार से सावधान रहें और अपने इलाके  के हितों को ध्यान में रखकर कुलदीप बिश्नोई को एकतरफा वोट करें। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments