बारिश से बर्बाद फसलों की गिरदावरी करवाकर किसानों को मुआवजा दे सरकार : कुलदीप


बारिश से बर्बाद फसलों की गिरदावरी करवाकर किसानों को मुआवजा दे सरकार : कुलदीप 



4 अक्तूबर 2019, 1: 56 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
आदमपुर। केन्द्रीय कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि गत दिवस हुई तेज बारिश से हलके के अनेक गांवों में किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। तेज बारिश एवं आंधी की वजह से ग्वार, मूंग, नरमा तथा धान की फसलें बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों को गहरा आघात लगा है। सरकारी उपेक्षा एवं मौसम की मार से किसानों पर दोहरी मार पड़ रही है। ग्वार, नरमा एवं मूंग की फसलें जो लगभग तैयार हो चुकी थी वे पूरी तरह से खराब हो गई हैं, वहीं धान की फसलों को भी बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचा है।  सरकार को तुरंत गिरदावरी करवाकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा राशी देनी चाहिए। साथ ही पूर्व में हुई खराब फसलों का मुआवजा भी जल्द से जल्द किसानों को दिया जाना चाहिए। अन्नदाता की मदद के लिए सरकार का रवैया उपेक्षापूर्ण है। सरकारी नीतियों से किसानों में रोष है। वे आज कालीरावण, कोहली, मंडी आदमपुर, लाइनपार, सीसवाल, सदलपुर में अनेक कार्यक्रमों में भाग लेने दौरान लोगों से बातचीत कर रहे थे। भव्य बिश्नोई ने आदमपुर गांव, कालीरावण, लाइनपार तथा विधायक रेनुका बिश्नोई ने गांव ढाणी खासा तथा खासा महाजन में बूथ वाईज कार्यकतार्ओं की बैठकें ली तथा चुनाव बारे आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि 21 अक्तूबर को आदमपुर की जनता कांग्रेस के पक्ष में एकतरफा मतदान करते हुए जीत के अंतर का रिकार्ड कायम करेगी। चौ. भजनलाल को सच्ची श्रद्धांजलि देकर हलके की जनता अपने 50 साल के इतिहास को कायम रखते हुए अपने-पराए की पहचान करके फैसला लेने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने एक बाहरी उम्मीदवार को हिसार लोकसभा से टिकट थमा दी। उसी प्रकार अबकी बार फिर से आदमपुर से बाहरी प्रत्याशी को पैराशूट से यहां उतार दिया, जिन्हें हलके की भागौलिक स्थिति का ही ज्ञान नहीं है। सत्ता के नशे में चूर भाजपा सोच रही है कि अनाप-शनाप प्रचार से लोगों को गुमराह करके फिर से वोट हथिया लेगी, लेकिन आदमपुर की जागरूक जनता अबकी बार वोट की चोट से भाजपा को जमीनी हकीकत का ज्ञान करवाएगी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव आदमपुर हलके के मान-सम्मान की लड़ाई है और हलके का प्रत्येक वोटर अबकी बार अपने स्तर पर यह चुनाव लड़ रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

Post a Comment

0 Comments