जेजेपी के हाथ आई सत्ता की चाबी, हरियाणा में मिलकर सरकार बनाएंगे भाजपा-जेजेपी, मनोहर सीएम तो दुष्यंत होंगे डिप्टी सीएम
25 अक्तूबर 2019, 9:43
संदीप कम्बोज। हरियाणा मीडिया जंक्शन
नई दिल्ली/चंडीगढ़। (BJP-JJP address the media at BJP President-HM Amit Shah's residence) हरियाणा में सत्ता की चाबी आखिरकार जेजेपी के हाथ आ ही गई। मात्र 11 माह पहले बने दल जननायक जनता पार्टी ने भाजपा को समर्थन देकर बहुमत के जादूई आंकड़े के पार करवा दिया। अब भाजपा के पास अपने 40 विधायकों के साथ 10 जेजेपी व 7 निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन है। मनोहर लाल कल दोपहर बाद राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। नई सरकार में मुख्यमंत्री मनोहर लाल तो उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला होेंगे। मंत्रीमंडल में किन चेहरों को जगह मिलेगी, यह अभी तय नहीं हो पाया है। यहां अपने आवास पर दोनों पार्टियों की बैठक के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने इस गठबंधन बाबत जानकारी दी। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा में भाजपा और जेजेपी मिलकर सरकार बनाएंगे। राज्य में भाजपा का मुख्यमंत्री होगा और डिप्टी सीएम का पद जेजेपी को मिलेगा। दोनों दलों के नेता कल राज्यपाल से मिलेंगे और राज्य में सरकार बनाने के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे। इस अवसर पर जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा को एक स्थिर सरकार देने के लिए भाजपा और जेजेपी का एक साथ आना महत्वपूर्ण था। मैं अमित शाह जी और नड्डा जी को धन्यवाद देना चाहता हूं। हमारी पार्टी ने तय किया था कि राज्य की बेहतरी के लिए सरकार का स्थिर होना जरूरी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल, जेजेपी सुप्रीमो दुष्यंत चौटाला, भाजपा प्रदेश अध्यक्षस अमित शाह भी मौजूद रहे।


0 Comments