शर्मनाक : बेटी नहीं ‘सरकार बचाओ’ के एजेंडे पर भाजपा, गोपाल कांडा का समर्थन लेने पर छिड़ा घमासान

शर्मनाक : बेटी नहीं ‘सरकार बचाओ’ के एजेंडे पर भाजपा, गोपाल कांडा का समर्थन लेने पर छिड़ा घमासान


उमा भारती बोली, 'चुनाव जीतने से बेगुनाह साबित नहीं हो सकते'



हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़/सिरसा। हरियाणा में सरकार बनाने के लिए भंवर में फंसी भाजपा को गोपाल कांडा का समर्थन लेना महंगा पड़ता दिखाई दे रहा है। क्योंकि गोपाल कांडा वह विवादित विधायक हैं और जिन पर अपनी ही कंपनी में काम करने वाली गीतिका शर्मा व उसकी माँ को आत्महत्या के लिए उकसाने व प्रताड़ित करने समेत अनेक गंभीर आरोप हंै। मनो-2 सरकार को मझदार में फंसता देख सिरसा से भाजपा सांसद सुनीता दुग्गल हलोपा से चुनाव जीते विधायक गोपाल कांडा को समर्थन के लिए दिल्ली लेकर पहुंची तो सियासी गलियारों में बवाल छिड़ गया। कांग्रेस ही नहीं अनेक भाजपा नेताओं ने भी इस पर सवाल उठा उाले। उमा भारती ने कई ट्वीट कर कांडा से समर्थन नहीं लेने की अपील की है। वहीं बताया जा रहा है कि गोपाल कांडा ने भाजपा को बिना शर्त समर्थन का ऐलान किया है। गोपाल कांडा द्वारा भाजपा को समर्थन दिए जाने पर गीतिका शर्मा के भाई अंकित शर्मा ने सवाल उठाए व भाजपा की नीतियों को ही कटघरे में खड़ा कर डाला। एक न्यूज चैनल पर कार्यक्रम के दौरान अंकित शर्मा ने कहा कि भाजपा बात तो बेटी बचाओ की करती है लेकिन अब सरकार बचाने के लिए सारी नैतिकता ताक पर रख रही है। एक गंभीर अपराध के आरोपी जिसका ट्रायल कोर्ट में चल रहा है, उसके समर्थन से भाजपा हरियाणा में सरकार बनाने जा रही है जो कि शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भाजपा का दोगला चेहरा है। अंकित शर्मा के आरोपों पर भजपा प्रवक्ता शहनवाज हुसैन ने कहा कि गोपाल कांडा को सिरसा की जनता ने चुनकर विधानसभा में भेजा है, भाजपा उनसे समर्थन नहीं मांग रही है, वे खुद भाजपा को समर्थन देने आए हैं। बता दें कि भाजपा ने टिकट वितरण में भी तीन ऐसे ही दागी उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतार दिया जिनके खिलाफ पूर्व सरकारों में भ्रष्टाचार समेत अनेक आरोप हैं।


कांडा के विरोध में उतरी उमा भारती, सुभाष बराला ने किया स्वागत तो सीएम ने साधी चुप्पी
वहीं भाजपा की मुखर नेता उमा भारती ने गोपाल कांडा को लेकर कई ट्वीट किए। उन्होंने बीजेपी से कांडा से समर्थन नहीं लेने की अपील की। उमा ने कहा कि यह बीजेपी के नैतिक मूल्यों के खिलाफ रहेगा। अभी तक सीएम मनोहर लाल खट्टर ने समर्थन पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने समर्थन का स्वागत किया है। उमा भारती ने ट्वीट किया कि, 'मुझे जानकारी मिली है कि गोपाल कांडा नाम के एक निर्दलीय विधायक का समर्थन भी हमें मिल सकता है। इसी पर मुझे कुछ कहना है। अगर गोपाल कांडा वही व्यक्ति है जिसकी वजह से एक लड़की ने आत्महत्या की थी और उसकी मां ने भी न्याय नहीं मिलने पर आत्महत्या कर ली। मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है और यह व्यक्ति जमानत पर बाहर है।'सिलसिलेवार ढंग से किए कई ट्वीट में उमा ने कांडा से बीजेपी को दूर रहने की नसीहत दी। उन्होंने एक और ट्वीट में लिखा, 'गोपाल कांडा बेकसूर है या अपराधी, यह तो कानून साक्ष्यों के आधार पर तय करेगा, किंतु उसका चुनाव जीतना उसे अपराधों से बरी नहीं करता। चुनाव जीतने के बहुत सारे फैक्टर होते हैं।' उन्होंने एक और ट्वीट में लिखा, 'मैं बीजेपी से अनुरोध करूंगी कि हम अपने नैतिक अधिष्ठान को न भूलें। हमारे पास तो नरेंद्र मोदी जी जैसी शक्ति मौजूद है और देश क्या पूरे दुनिया की जनता मोदी जी के साथ है। मोदी जी ने सतोगुणी ऊर्जा के आधार पर राष्ट्रवाद की शक्ति खड़ी की हरियाणा में हमारी सरकार जरूर बने, लेकिन यह तय करिए कि जैसे बीजेपी के कार्यकर्ता साफ-सुथरी जिंदगी के होते हैं, हमारे साथ वैसे ही लोग हों।


Post a Comment

0 Comments