सिरसा की जंग : जजपा उम्मीदवार राजेंद्र गनेरीवाला के नामांकन में इस तरह उमड़ा जनसैलाब
शहर में निकला समर्थकों का काफिला, बोले बनाएं चौधरी देवीलाल के सपनों का हरियाणा
4 अक्तूबर 2019, 11:10 AM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। गौरव सोनी कोेटली
सिरसा। जननायक जनता पार्टी के सिरसा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार राजेंद्र गनेरीवाला ने गुरुवार को अपने सैकड़ों समर्थकों सहित अपना नामांकन दाखिल किया। बरनाला रोड स्थित चौटाला हाउस से आरंभ हुए वाहनों के लंबे चौड़े काफिले और सैकड़ों समर्थकों सहित जननायक जनता पार्टी उम्मीदवार राजेंद्र गनेरीवाला सिरसा स्थित लघु सचिवालय पहुंचे जहां उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पूर्व विधायक कृष्ण कंबोज, डॉ. राधेश्याम शर्मा, हरिसिंह भारी आदि के साथ संबंधित चुनाव अधिकारी के पास अपना नामांकन दाखिल किया। राजेंद्र गनेरीवाला के कवरिंग उम्मीदवार के रूप में जजपा के शहरी जिलाध्यक्ष रोहित गनेरीवाला ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। इससे पूर्व जजपा उम्मीदवार राजेंद्र गनेरीवाला ने उपस्थित तमाम पार्टी कार्यकतार्ओं से कहा कि चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलने वाली जजपा ही सही मायने में सभी वर्गों के कल्याण को प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जजपा के मुद्दे हैं, वे सभी मुद्दे प्रदेश की आम जनता के हितों के लिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने पिछले पांच साल के शासन के दौरान जिस प्रकार जनविरोधी नीतियों को बढ़ावा दिया है, उससे सभी वर्ग पूरी तरह त्रस्त हैं और इससे छुटकारा चाहती हैं। गनेरीवाला ने कहा कि अब मतदाताओं के पास इससे बेहतर कोई समय नहीं है जब वे अपनी वोट की चोट से भाजपा को सत्ता से बाहर कर सकते हैं। राजेंद्र गनेरीवाला ने कहा कि प्रदेश में अगली सरकार जजपा की बनेगी और निश्चित ही फिर हरियाणा को चौधरी देवीलाल के सपनों का हरियाणा बनाया जाएगा।



0 Comments