हरियाणा में बदमाशों का नंबर आ गया, पुलिस ने एक माह में पकड़े बदमाशों के 14 गैंग
285 उद्घोषित अपराधी व 330 बेल जम्पर्स भी काबू
17 नवंबर 2019, 5:02 PM
सन्नी कथूरिया। हरियाणा मीडिया जंक्शन
चंडीगढ़/पानीपत। लगता है हरियाणा में बदमाशों का नंबर अब आ गया है। हरियाणा पुलिस ने गुंडों व गैंगों के सरगनाओं की धरपकड़ तेज कर दी है। बीते एक माह में असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लूट, सेंधमारी, चोरी व अन्य आपराधिक वारदातों में संलिप्त 14 आपराधिक गिरोहों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। इस दौरान, पुलिस ने 285 उद्घोषित अपराधियों तथा 330 बेल जम्पर्स को भी काबू कर सलाखों के पीछे भेजने का काम किया। पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने बताया कि पुलिस ने 55 वारदातों को सुलझाने के साथ-साथ काबू किए गए गैंग मैंम्बर्स से 59 लाख 30 हजार रुपये की चोरीशुदा संपत्ति भी बरामद की है। राज्य के विभिन्न जिलों से काबू किए गए 14 गिरोह में लूट में संलिप्त 2, सेंधमारी में 3, चोरी में संलिप्त 5 तथा अन्य अपराधिक मामलों में 4 गिरोह शामिल हैं। डीजीपी ने बताया कि अपराध व अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए पूरे प्रदेश में एक विशेष अभियान के तहत 1 अक्टूबर से यह कार्रवाई चलाई गई थी। गिरफ्तार 615 उद्घोषित अपराधियों और बेल जम्पर्स में से कई अपराधी काफी लंबे समय से फरार चल रहे थे। इस दौरान पुलिस द्वारा एनडीपीएस व अन्य मामलों के तहत गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 3 किलो 925 ग्राम अफीम, 4 किलो 348 ग्राम चरस व सुल्फा, 252 किलो से अधिक चूरा पोस्त, 107 अवैध पिस्तौल, 2 रिवाल्वर और 169 कारतूस भी जब्त किए गए हैं।
एनडीपीएस के तहत भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त
हाल ही में अपराधियों पर की गई कार्रवाई बार डीजीपी ने बताया कि पुलिस ने इस साल 20 अगस्त से 20 सितंबर तक चले एक विशेष अभियान के तहत मादक पदार्थ अधिनियम के तहत 483 लोगों को गिरफतार किया। इस दौरान, पकडे गए आरोपियों के कब्जे से करोडों रुपए कीमत का 1204 किलो मादक पदार्थ भी जब्त किया गया। उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस क्राईम रेट को कम करने के साथ-साथ कुख्यात और मोस्ट वांटेड अपराधियों का पता उनपर नकेल कसने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राज्य में पीओ, बेल जंपर्स और अन्य कुख्यात अपराधियों की धरपकड़ करने के लिए पुलिस की कार्रवाई को ओर बढ़ाया जाएगा।


0 Comments