अब बहुरेंगे हरियाणा के जोहड़ों के दिन, पहले चरण में 4 हजार जोहड़ों का होगा सौंदर्यीकरण
हरियाणा सरकार के तालाब एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण सदस्य ने सुढैल व ससोली के तालाबों का किया निरीक्षण
16 नवंबर 2019, 6:46
शिवलाल। हरियाणा मीडिया जंक्शन
यमुनानगर। हरियाणा सरकार के तालाब एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण तथा प्रदेश सरकार के स्वच्छ भारत मिशन स्टेट टास्क फ ोर्स के सदस्य तेजिंद्र सिंह तेजी ने आज यमुनानगर जिला के गांव सुढैल व ससोली की तालाबों का अवलोकन करके स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के तालाबों को विकसित करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम चलाया है। इस कार्यक्रम के तहत अब गांव की प्राचीन धरोहर जोहड़, तालाबों का भी स्वरूप बदला जाएगा इसके लिए प्रदेश में तालाब व अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण का गठन किया गया है।इस प्राधिकरण के तहत मुख्यमंत्री के निदेर्शानुसार तालाबों की सफ ाई की जाएगी। गांव में पर्यावरण को बढावा देने के लिए इन तालाबों को फ ाइव पोंड सिस्टम में विकसित किया जाएगा तथा साथ ही तालाबों में पगडंडी बनाकर वृक्षारोपण किया जाएगा। तालाबों के अवलोकन के दौरान सदस्य तेजिन्द्र सिंह तेजी ने बताया कि प्रदेश में करीब 14000 तालाब हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पहले चरण में 4000 तालाबों का सोन्द्रीयकरण व विकसितकरण किया जाएगा। इसी कडी में इसकी शुरूआत करनाल जिला के समोरा गांव से 11 नवम्बर को गुरु पर्व के दिन करनाल के सांसद संजय भाटिया ने 1000 दीप तालाब के नाम कार्यक्रम से की। इसी के तहत प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी ऐसे कार्यक्रम किये जायेंगे। इन कार्यक्रमों के तहत पहले तालाब की सफाई की जाती है और विकसित किया जाता है। सभी क्षेत्र के लोगों को इस मुहीम के साथ जोड़ा जाता है ताकि भविष्य में उनके क्षेत्र के तालाब प्रदूषित न हों।


0 Comments