इस युवा ने आईआईटी की नौकरी छोड़ शुरु की बागवानी, अब हर साल कमा रहे 6 लाख
बागवानी के खेतों का निरीक्षण करने पहुंचे भारत के संयुक्त सचिव
12 नवंबर 2019, 5:20 AM
संदीप कम्बोज। हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। खेती को घाटे का सौदा बताने वाले लोग जरा एक बार गांव सीसवाल के किसान संदीप कुमार पुत्र हनुमान के नेट हाऊस आकर देख लें।आईआईटी सेक्टर में नौकरी कर मात्र 10-12 हजार रूपये प्रति माह कमाने वाला यह युवा किसान आज 5-6 लाख रुपए सालाना कमा रहा है। परंपरागत खेती छोड़ बागवानी शुरु करने वाले इस युवा किसान ने इस साल अपने खेत में नेट हाऊस में खीरे की फसल उगाई है। बागवानी अपनाने के बाद इस युवा किसान का जीवन ही बदल गया है। भारत सरकार के संयुक्त सचिव (एमआईडीएच) डॉ. राजबीर सिंह कल हरियाणा बागवानी विभाग के मिशन निदेशक डॉ. भरत सिंह सेहरावत के साथ इस बागवानी किसान के खेत का दौरा करने पहुंचे थे।इसके बाद संयुक्त सचिव ने गांव दड़ोली के किसान रविन्द्र पुत्र बुधराम के खेत का निरीक्षण किया जिसमें किसान ने 25 एकड़ में बाग, सामुदायिक तालाब के साथ टपका सिंचाई व सोलर सिस्टम स्थापित किया हुआ है। इसके बाद डॉ. राजबीर सिंह ने किसानों से एमआईडीएच स्कीम की मांगों के बारे में किसानों से चर्चा की। इसके बाद मिशन निदेशक डॉ. बीएस सेहरावत ने किसानों से बागवानी अपनाकर अपनी आय दोगुनी करने के बारें में भी विस्तार से चर्चा की।दोनों अधिकारियों ने किसानों से बातचीत की और बागवानी अपनाने के बाद उनके जीवन में आए बदलाव की जानकारी ली।
डॉ. राजबीर सिंह ने सबसे पहले गांव डोबी में किसान सुरेंद सिह के खेत में 4 एकड़ स्ट्राबेरी बाग, 1 एकड़ में लगे नेट हाऊस में शिमला मिर्च व अन्य बागवानी फसलों का निरीक्षण किया और किसान सुरेंद्र सेे बागवानी फसलों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने आस-पास के किसानों की बागवानी फसलों का भी निरीक्षण किया और किसानों को बागवानी विभाग द्वारा फसलों पर दी जा रही मदद के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने किसानों से बागवानी से संबंधित अनुदान के बारे में विस्तार चर्चा की।
अगले साल बागवानी में शामिल हो जाएगा सोलर पैनल सिस्टम
इस दौरान किसानों ने बताया कि अगर बागवानी विभाग के द्वारा सोलर सिस्टम पर सहायता उपलब्ध करवा दी जाए तो उनकी आय और भी बढ़ सकती है। इस पर संयुक्त सचिव ने किसानों को आश्वासन दिया कि सरकार द्वारा अगले वर्ष सोलर पैनल सिस्टम/सोलर फैंसिंग को बागवानी में शामिल किया जाएगा। इसके बाद संयुक्त सचिव ने गांव सीसवाल में किसान जयवीर सिंह के हाईटेक मशरूम हाऊस का निरीक्षण किया। उन्होंने किसान से मशरूम की प्रोडक्शन, पेकेजिंग, मार्केटिंग व प्रोसेसिंग के बारे में अपने विचार साझा किए।
बागवानी में दिक्कत आए तो यहां करें संपर्क
जिला उद्यान अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र सिहाग ने किसानों को संरक्षित खेती व स्ट्राबेरी की खेती करके लाभ कमाने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर जिला बागवानी सलाहकार डॉ. असीम जांगड़ा ने बताया कि बागवानी में किसी भी प्रकार की दिक्कत आने पर किसी भी कार्य दिवस पर बागवानी विभाग के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।


0 Comments