हनीप्रीत के आने से फिर गुलजार हुआ डेरा सच्चा सौदा, देखें वीडियो



 डेरा सच्चा सौदा पहुंची हनीप्रीत, डेरा प्रेमियों की उमडी़ भीड़, देखें वीडियो  

 खुशी से गदगद डेरा प्रेमी नारे लगाकर कर रहे स्वागत


6 नवंबर 2019, 10:40 PM 
गौरव सोनी। हरियाणा मीडिया जंक्शन 
सिरसा। बाबा गुरमीत राम रहीम की दत्तक पुत्री हनीप्रीत इन्सां अंबाला जेल से रिहाई के उपरांत डेरा सच्चा सौदा सिरसा पहुंच गई हैं।उनसे मिलने के लिए डेरा में प्रेमियों का सैलाब उमड़ पडा़।
हनीप्रीत को जमानत मिलने से डेरा प्रेमियों में खुशी की लहर है। डेरा प्रेमियों का कहना है कि अभी तो हमारी बहन जमानत पर बाहर आई हैं, वह दिन भी दूर नहीं जब वे कोर्ट में पूरी तरह से निर्दोष साबित होकर आएंगी। बता दें कि 25 अगस्त 2017 को डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को सजा सुनाए जाने के बाद पंचकूला में हिंसा भड़क गई थी जिसमें 41 डेरा प्रेमी मारे गए और 260 से अधिक घायल हो गए थे। इसी पंचकूला हिंसा मामले में हनीप्रीत को जेल जाना पड़ा था। पंचकूला सीजेएम रोहित वत्स की कोर्ट ने हनीप्रीत की जमानत याचिका मंजूर करते हुए जमानत देने का फैसला किया। हनीप्रीत की वकील ने आज ही जमानत याचिका लगाई थी। इससे पहले पिछले महीने कोर्ट ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी।

पिछले हफ्ते हटी थी देशद्रोह की धारा
इससे पहले पंचकूला कोर्ट ने पिछले हफ्ते 2 नवंबर को डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की गिरफ्तारी के बाद पंचकूला में भड़की हिंसा के मामले में आरोप तय कर दिया था जबकि कोर्ट ने राम रहीम की राजदार हनीप्रीत समेत सभी आरोपियों को बड़ी राहत देते हुए देशद्रोह की धारा हटा दी थी। हनीप्रीत और अन्य आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 216, 145, 150, 151, 152, 153 और 120 बी के तहत आरोप तय किए गए हैं. जबकि कढउ की धारा 121 और 121 ए को हटा दिया गया है। इस मामले की सुनवाई एडिशनल सेशन जज संजय संधीर की कोर्ट में हुई।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई पेशी
शनिवार को पंचकूला हिंसा मामले में सभी आरोपियों को पंचकूला कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया था। कोर्ट ने आरोपियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी के बाद आरोप तय कर दिए। हनीप्रीत डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को सजा सुनाए जाने के बाद पंचकूला में हिंसा भड़काने और देशद्रोह के मामले की आरोपी हैं। राम रहीम की सजा के बाद से ही हनीप्रीत पंचकूला हुई हिंसा के मामले में जेल में है।

Post a Comment

0 Comments