हरियाणा : वोटर आईडी बनवानी है तो हो जाएं तैयार, अगले महीने फिर से बनेंगे मतदाता पहचान पत्र
30 दिसम्बर 2019 को किया जाएगा फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का पहला प्रकाशन
31 जनवरी 2020 तक दर्ज करवा सकते हैं दावे व आपत्तियां
10 फरवरी 2020 तक किया जाएगा दावे व आपत्तियों का निपटान
20 फरवरी 2020 तक की जाएगी दावे व आपत्तियों की जांच
2 मार्च 2020 को किया जाएगा फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन
16 नवंबर 2019, 6:39 PM
शिवलाल। हरियाणा मीडिया जंक्शन
यमुनानगर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम अनुसार प्रथम जनवरी 2020 को क्वालीफाईग तिथि मानकर जिला यमुनानगर में पड़ने वाले विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 07-सढौरा (अ.जा.), 08-जगाधरी, 09-यमुनानगर तथा 10-रादौर की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष पुनरीक्षण करवाया जा रहा है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकुल कुमार ने बताया कि इस पुनरीक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एक जनवरी 2020 तक फोटोयुक्त मतदाता सूचियों को शत-प्रतिशत स्वच्छ व त्रुटि रहित तैयार करवाना है। उपायुक्त मुकुल कुमार ने कहा कि फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का प्रारम्भिक प्रकाशन 30 दिसम्बर 2019 को किया जाएगा व पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दावे तथा आपत्तियों को प्राप्त करने की अवधि 30 दिसम्बर 2019 से 31 जनवरी 2020 तक है। विशेष पुनरीक्षण की स्पैशल कैम्पेन की तिथियां 4 जनवरी व 5 जनवरी 2020 तथा 11 जनवरी व 12 जनवरी 2020 है। दावे और आपत्तियों का निपटारा 10 फरवरी 2020 तक किया जाएगा। फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन हेतु आयोग की अनुमति तथा मतदाता सूचियों की जांच 20 फरवरी 2020 तक की जाएगी। उन्होंने बताया कि सप्लीमैंट की छपाई व डाटाबेस अपडेट करने का कार्य 26 फरवरी 2020 से पहले तक किया जाएगा तथा फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का अन्तिम प्रकाशन 2 मार्च 2020 तक किया जाएगा।
प्ले स्टोर से यह माबाइल एप डाउनलोड कर चैक करें अपनी वोटर आईडी
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कोई भी मतदाता प्ले स्टोर पर उपलब्ध भारत निर्वाचन आयोग की वोटर हैल्पलाईन एप्लीकेशन अथवा एनवीएसपी पोर्टल पर भी अपने मतदाता विवरण की जांच कर सकता है। उन्होंने बताया कि आयोग की हिदायतानुसार मतदान केन्द्रों का रैशनेलाईजेशन भी करवाया जाना है। ऐसे मतदान केन्द्रों जिनके भवन क्षतिग्रस्त हो चुके हैं अथवा जहां पर मतदाताओं की संख्या 1500 से अधिक की है, वहाँ पर नया मतदान केन्द्र बनाए जाने बारे प्रस्ताव मुख्यालय में प्रेषित किए जाने हैं। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान की तिथियों अर्थात 4 व 5 जनवरी 2020 तथा 11 व 12 जनवरी 2020 को सभी बीएलओज अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहें तथा उनके द्वारा वोटर सूची की पड़ताल की जाएगी व किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में गलत है तो उसे शुद्घ करने के लिए मतदाता से फार्म न0-8 भरवाना होगा। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो उससे नई वोट हेतु फार्म न0-6 भरवाया जाएगा।
सभी मतदान केंद्रों पर अपने बीएलए नियुक्त करें राजनीतिक दल
उपायुक्त ने सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वे सभी मतदान केन्द्रों पर अपने बीएलए की नियुक्त करें। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष अभियान की तिथियों को वे सभी स्कूल जहां पर मतदान केन्द्र स्थापित हैं को खुला रखवाना सुनिश्चित करें। साथ-साथ सम्बन्धित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसी भी मतदान केन्द्र पर बीएलओ का कोई पद रिक्त न रहे। उन्होंने कहा कि महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा वोट बनवाने के प्रति शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी जागरूकता कार्यक्रम चलाएं।
इस टोल फ्री नंबर पर ले सकते हैं जानकारी
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकुल कुमार ने बताया कि इस अभियान से सम्बन्धित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय यमुनानगर के टोल फ्री नम्बर-1950 पर भी सम्पर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों को विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के इस महत्वपूर्ण कार्य को सूचारू रूप से सम्पन्न करवाने के लिए सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि अपना पूर्ण सहयोग दें।


0 Comments