यमुनानगर : शिक्षा मंत्री कंवरपाल का दो टूक, अपनी डयूटी को पूरी लगन व मेहनत से करें अधिकारी
कैबिनेट मंत्री के तौर पर कार्यभार संभालने के उपरांत आज जिला यमुनानगर में अधिकारियों संग की बैठक
16 नवंबर 2019, 6:03 PM
शिव लाल। हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
यमुनानगर। हरियाणा के शिक्षा एवं वन मंत्री कंवर पाल ने हरियाणा मंत्री मंडल में कैबिनेट मंत्री के तौर पर कार्यभार संभालने के उपरांत आज जिला यमुनानगर में जिला प्रशासन के अधिकारियों से प्रथम बैठक की और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए व सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। जिला सचिवालय के सभाकक्ष में आयोजित जिला के सभी विभागों के अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए हरियाणा के शिक्षा एवं वन मंत्री कंवर पाल ने कहा कि अधिकारी सरकार की आंख और कान होते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को पूर्ण करने में अधिकारियों की अह्म भूमिका होती है। अत: सभी अधिकारी अपनी इस डयूटी को पूरी लगन और मेहनत से करें व आपसी समन्वय बनाकर लोगों के हितों में हमेशा कार्य करें। उन्होंने कहा कि हर आदमी में सेवा भाव का जज्बा होता है और यदि सेवाभाव का जज्बा मन में पूरी तरह से हो तो हर समस्या का समाधान अधिकारी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों पर ईश्वर की विशेष कृपा होती है और व जनता के हर दु:ख एवं समस्या का समाधान करने में सक्षम होते हैं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी कमजोर व गरीब व्यक्तियों की मदद करें और अनुभव से हर समस्या का समाधान जन हित में करें। कैबिनेट मंत्री कंवर पाल ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल दिन-रात लोगों की सेवा में लगे हुए हंै और लोगों के जायज काम अवश्य समय पर होने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से अपील की है कि वे जन कल्याणकारी योजनाओं व कार्यों को गति दें। जिला अधिकारियों की बैठक में उपायुक्त मुकुल कुमार ने कैबिनेट मंत्री कंवर पाल व अधिकारियों का स्वागत किया तथा जगाधरी की एसडीएम पूजा चावरियां ने सभी का धन्यवाद किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह यादव, रादौर के एसडीएम कंवर सिंह, बिलासपुर के एसडीएम गिरीश कुमार, जिला राजस्व अधिकारी अभिषेक, डीएसपी सुभाष चन्द्र सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




0 Comments