हरियाणा : लो जी, अब इन तीन नगर निगम व चार नगर परिषदों में बजने वाला है चुनावी बिगुल
दिसंबर के अंत या जनवरी के पहले पखवाड़े में हो सकते हैं निकाय चुनाव
17 नवंबर 2019, 4:38 PM
संदीप कम्बोज। हरियाणा मीडिया जंक्शन
चंडीगढ़। विधानसभा चुनाव के बाद अब प्रदेश के तीन नगर निगमों और चार नगर परिषदों में निकाय चुनाव का बिगुल भी बजने वाला है। हरियाणा में अंबाला, सोनीपत व पंचकूला में जहां नगर निगम के चुनाव होंगे, वहीं अंबाला छावनी, कालका, पिंजौर और रेवाड़ी में नगर परिषद के लिए मतदान होना है। इसके अलावा ग्राम पंचायतों और जिला परिषदों में रिक्त पदों के लिए भी उप चुनाव कराया जाएगा। उम्मीद है कि निकाय चुनाव दिसंबर के अंत या जनवरी के पहले पखवाड़े में हो सकता है। इसके लिए निर्वाचन आयोग ने तैयारियां शुरु कर दी हैं। बता दें कि नवगठित नगर परिषदों और नगर निगमों में वार्डबंदी का काम लगभग पूरा हो चुका है। हाई कोर्ट में मामला लंबित होने के चलते यहां लंबे समय से चुनाव लटके हुए थे। अंबाला नगर निगम से अंबाला छावनी और पंचकूला नगर निगम से पिंजौर व कालका को अलग कर परिषद बनाने के खिलाफ हाई कोर्ट में चुनौती दी गई थी। विवाद निपटने के बाद अब यहां डेढ़ साल के इंतजार के बाद चुनाव कराने का रास्ता साफ हो गया है। वहीं, जुलाई 2015 में नगर परिषद से नगर निगम बने सोनीपत में वार्डबंदी के विवाद के चलते अभी तक चुनाव नहीं हो सके हैं। नियमानुसार नगर निगम के गठन के तीन साल के भीतर मेयर का चुनाव कराना जरूरी है। वार्ड बंदी के विवाद के चलते यह समय सीमा भी गुजर गई जिसके चलते विधानसभा में बिल पारित कर नियमों में बदलाव करना पड़ा। इसी तरह रेवाड़ी नगर परिषद के 31 वार्ड के लिए 2013 में गठित हुए सदन का कार्यकाल 10 फरवरी 2018 को पूरा हो चुका है।
मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण शुरू
नगर निगमों व नगर परिषदों के साथ ही पंचायत और जिला परिषदों के उपचुनावों के लिए हरियाणा निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण का काम शुरू कर दिया है। मतदाता सूचियां पहले ही तैयार की जा चुकी, जिनमें पात्र युवा अपने नाम जुड़वा सकते हैं।
प्रत्यक्ष प्रणाली से होगा मेयर का चुनाव
तीनों नगर निगमों के लिए मेयर का चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से होगा। यानी कि मेयर के लिए मतदाता सीधे वोट डालेंगे, जबकि सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चयन निर्वाचित पार्षद करेंगे। इसी तरह नगर परिषदों के लिए पहले पार्षद का चुनाव होगा जो चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन चुनेंगे।

0 Comments