जिस गांव में पराली जली, सरपंच व नंबरदार पर होगी कार्रवाई

जिस गांव में पराली जली, सरपंच व नंबरदार पर होगी कार्रवाई
एडीए, ग्राम सचिव व पटवारी पर भी की जाएगी विभागीय कार्रवाई



19 नवंबर 2019, 8:07 PM
 हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
फतेहाबाद। जिन गांवों में पराली जलाने की घटनाएं होंगी, उन गांवों के सरंपचों और नंबरदारों की जवाबदेही निर्धारित कर जवाब तलब किया जाएगा। इसके साथ ही प्रशासन द्वारा नियुक्त किए गए नोडल अधिकारी एडीए, ग्राम सचिव और पटवारी पर भी विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह आदेश उपायुक्त धीरेन्द्र खडगटा ने दिए हैं। उपायुक्त ने बताया कि इसके अलावा जो व्यक्ति धान की पराली एवं अन्य फसली अवशेष को जलाने तथा नियमों की अवहेलना करते हैं, तो उनके पास आर्म लाईसेंस है लाईसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि पराली तथा आगजनी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए जिले में टीमें गठित की गई है। ये टीमें एडीसी, एसडीएम, कृषि विभाग, पंचायत विभाग तथा अन्य संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों की देखरेख में कार्य कर रही है। इसके अलावा भी पुलिस विभाग सहित अन्य अधिकारियों की ड्यूटियां लगाई गई है ताकि जिले में कोई भी व्यक्ति फसल अवशेषों को न जलाने पाएं। उपायुक्त ने कहा कि गांव में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए है। ग्राम पंचायतों की जिम्मेवारियां भी निर्धारित की गई है। किसी गांव में अगर धान के अवशेष जलाए जाते हैं तो गांव की कमेटी और सरपंच की जिम्मेवारी निर्धारित की जाएगी। सरपंच व नंबरदार के खिलाफ पराली जलाए जाने के मामले आने पर कार्रवाई भी की जाएगी। उपायुक्त ने सभी उपमंडलाधीशों से भी कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में फसल प्रबंधन की दिशा में काम करे। उन्होंने कहा कि जिन खेतों में धान की कटाई हो चुकी है, उन खेतों में नजदीकी कस्टम हायरिंग सैंटर से संपर्क कर खेत में रोटावेटर चलवाना सुनिश्चित करे। उपमंडलाधीश प्रतिदिन प्रत्येक उपमंडल में 30 एकड़, तहसीलदार व नायब तहसीलदार 20 एकड़ तथा संबंधित पटवारी 10 एकड़ में रोटावेटर व पलाउ चलाकर खेत की लोकेशन मैप सहित भिजवाना सुनिश्चित करे। उन्होंने फिल्ड में तैनात में अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रतिदिन की रिपोर्ट भेजने के भी निर्देश जारी किए है। उन्होंने सभी बीडीपीओ से भी कहा है कि वे अपने अधीनस्थ ग्राम पंचायतों की 20 एकड़ भूमि पर फसल प्रबंधन कर इसकी रिपोर्ट भिजवाए। ग्राम सचिव अपने सर्कल की 10 एकड़ भूमि पर यह प्रबंधन कार्य करवाकर फोटो सहित रिपोर्ट भेजेंगे।

Post a Comment

0 Comments