हरियाणा : अब रोजाना प्रात: 11 से 12 बजे तक जनता दरबार लगाएंगे नगर निकायों के प्रशासनिक अधिकारी
12 दिसंबर 2019, 6:08 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़। प्रदेश की सभी नगर पालिकाओं, नगर परिषदों तथा नगर निगमों के प्रशासनिक अधिकारी अब रोजाना प्रात: 11.00 से 12.00 तक जनता दरबार लगाएंगे। यह निर्देश हरियाणा के गृह एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री अनिल विज ने दिए हैं ताकि लोगों की समस्याओं का निपटान शीघ्र किया जा सके। गृह मंत्री ने इस संबंध में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी करते हुए कहा कि जनता दरबार के दौरान जितनी भी समस्याएं प्राप्त होती हैं उन सब का न केवल निपटान किया जाए बल्कि पूरा रिकॉर्ड भी रखा जाए। इसके साथ ही सभी शिकायतकतार्ओं को उनकी शिकायत का क्रमांक भी दिया जाए ताकि शिकायत को ट्रेस करने में उन्हें कोई दिक़्कत न आये। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री ने कहा कि कि जब वे जनता की शिकायतें सुनते हैं तो इस विभाग से जुड़ी हुई अनेक शिकायतें उनके सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि यह विभाग जनता से जुड़ा हुआ है और जनता के लिए है। इसलिए अधिकारियों को लोगो की समस्याओं को तुरंत हल करना होगा। इसके बावजूद भी यदि किसी व्यक्ति की शिकायत का निपटान नही होता तो उनके लिए मेरे दरवाजे खुले है।


0 Comments