कोई गलत काम नहीं करूंगा, सही काम करवाना हो तो मेरे दरवाजे 24 घंटे खुले


कोई गलत काम नहीं करूंगा, सही काम करवाना हो तो मेरे दरवाजे 24 घंटे खुले
बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह बोल, प्रदेश के सभी हलके मेरे, बिना भेदभाव करवाया जाएगा विकास

15 दिसंबर 2019, 5:30
PM
 गौरव सोनी। हरियाणा मीडिया जंक्शन
सिरसा। अगले पांच साल तक विकास कार्यों के मामले में मेरी कलम नहीं रुकेगी और हलके के साथ-साथ पूरे प्रदेश में बिना भेदभाव के विकास कार्य करवाए जाएंगे। लेकिन ध्यान रहेमैं कोई भी गलत काम नहीं करुंगा और सही काम के लिए मेरे दरवाजे 24 घंटे आपके लिए खुले हैं। बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह आज अपने धन्यवादी दौरे के दौरान जिला के गांव नाथूसरी चौपटा, मंगाला, टीटूूखेड़ा, ढाणी काहन सिंह में आयोजित अभिनंदन सभाओं में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।  बिजली मंत्री ने कहा कि हलके के गांवों के सभी सांझी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। इसके साथ-साथ हलके में बिजली समस्या के अलावा नहरी पानी, पीने के पानी, सड़कों से संबंधित मांगों को भी संबंधित मंत्री से बातचीत करके पूरा करवाउंगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी हलके मेरे हैं और विकास के मामले में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा। पूरे प्रदेश में बिना भेदभाव व समान रुप से विकास कार्य करवाए जाएंगे। इसके अलावा नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इस अवसर पर बिजली मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और मौके पर ही अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बिजली, पानी, सीवरेज, चिकित्सा, सड़क, बस सुविधा जैसी समस्याएं रखी जिस पर उन्होंने अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अक्षय ऊर्जा के उपयोग को बढावा दिया जाएगा, विभाग द्वारा सब्सिडी दी जा रही है जिसके तहत महज 7500 रुपये में सोलर उपकरण दिए जाते हैं। इसके अलावा किसानों की ट्यूबवेल संबंधी समस्याओं के संबंध में वे मुख्यमंत्री मनोहर लाल से बात कर समाधान करवाएंगे। इस दौरान सभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

बिजली के संबंध में नहीं आने देंगे कोई दिक्कत
बिजली मंत्री ने कहा कि सरकार ने किसान हित में फैसला लेते हुए बिजाई के दिनों में किसानों को 8 की बजाय 10 घंटे बिजली देने का काम किया है और आगे भी किसान हित में ऐसे कई निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बिजली के संबंध में कोई शिकायत नहीं आने दी जाएगी और गांवों की जरुरत के अनुसार नए बिजली घर बनवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में बिजली घर बनाने की आवश्यकता है वे ग्राम पंचायतें अपना प्रस्ताव भेजें, उस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में बिना भेदभाव के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। सबका साथ-सबका विकास की तर्ज पर प्रदेश में पूर्ण विकास किया जाएगा। चौ. रणजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश का बिजली मंत्री बना कर जो जिम्मेवारी मुझे सौंपी है उस पर खरा उतरुंगा। आने वाले समय में पूरे प्रदेश में बिजली संबंधी कोई शिकायत नहीं रहेगी और लोगों को सरलता से सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी।

किसी कीमत पर नहीं होने देंगे चिट्टे की बिक्री
बिजली मंत्री ने कहा कि जिला में नशा एक बहुत बड़ी समस्या है और यह युवाओं को गलत दिशा में ले जा रहा है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी और किसी भी कीमत पर चिट्टे की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों द्वारा इसमें किसी भी तरह की कोताही व लापरवाही को बर्दाशत नहीं किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments