छुट्टियों में लगेगी मास्टर जी की क्लास, सीखेंगे बच्चों को अंग्रेजी पढ़ाने के गुर

छुट्टियों में लगेगी मास्टर जी की क्लास, सीखेंगे बच्चों को अंग्रेजी पढ़ाने के गुर 

28 दिसंबर 2019, 8:59 PM 
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। सरकारी स्कूलों के बच्चों के मन से अंग्रेजी भाषा का भय निकालने के लिए समग्र शिक्षा ने शिक्षकों के विशेष प्रशिक्षण की योजना तैयार की है। योजना के तहत अब सर्दी की छुट्टियों में सरकारी स्कूलों के पीआरटी, टीजीटी व पीजीटी शिक्षकों को बच्चों को अंग्रेजी पढ़ाने के गुर सीखाए जाएंगे। यह अभियान खासकर उन स्कूलों के लिए चलाया गया है, जिनका बोर्ड कक्षाओं का परीक्षा परिणाम कम रहा है। शिक्षकों को विशेष तौर पर पेडागोजी तरीकों से अवगत करवाया जाएगा। वहीं राजकीय स्कूलों को अंग्रेजी के मामले में निजी स्कूलों के मुकाबले में लाने का प्रयास भी बताया जा रहा है। समग्र शिक्षा द्वारा प्रदेश भर में सर्दी की छुट्टियों के दौरान चलाई जाने वाले विशेष प्रशिक्षण में अंग्रेजी भाषा में दक्षता लाने के लिए राजकीय स्कूलों के शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। योजना के तहत पीजीटी 40 शिक्षक, टीजीटी 30 शिक्षक और पीआरटी के 60-60 शिक्षकों के 2 बैच प्रशिक्षित किए जाएंगे। कार्यकम के तहत सर्दी की छुट्टियां होते ही 3 जनवरी से पहला बैच शुरू किया जाएगा जिसमें सभी पीजीटी व टीजीटी शामिल होंगे, जबकि दो बैच पीआरटी के लिए चलाए जाएंगे। प्रशिक्षण 2 विशेष मास्टर टे्रनरों द्वारा दिया जाएगा और प्रशिक्षण के दौरान अंग्रेजी शिक्षण को और भी अधिक बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा जिससे बच्चों की पकड़ अंग्रेजी पर हो सके और अंग्रेजी विषय के प्रति ग्रामीण आंचल के बच्चों की रूचि भी बढने लगे। कार्यक्रम के तहत उन स्कूलों को चिन्हित किया गया है, जिनका बोर्ड परीक्षाओं को परिणाम काफी निराशाजनक रहा है, यूं भी अभिभावकों में यह धारणा रहती है कि राजकीय स्कूलों की बजाय निजी स्कूलों में अंग्रेजी अच्छी पढाई जाती है के कलंक को मिटाने की योजना पर भी विभाग काम करता दिखाई दे रहा है। इसकी जानकारी देते हुए एपीसी सुरेन्द्र सिंह कैरो ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद अध्यापक पढाएंगे तो कोई भी बच्चा अंग्रेजी का भार नहीं समझेगा।

क्या कहते हैं समग्र शिक्षा अधिकारी
इस मामले में डीपीसी कुलदीप सिहाग से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अंग्रेजी भाषा को आसान तरीकों से बच्चों की सीखाने पर बल दिया जाएगा, जिससे ग्रामीण बच्चों में अंग्रेजी के प्रति बना भय निकाला जा सके। उन्होंने दावा किया कि सरकार द्वारा चलाया गया है कार्यक्रम अंग्रेजी का भय निकालने के लिए कारगर साबित होगा।

Post a Comment

0 Comments