
7 दिसंबर 2019, 12: 48 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने एक ऐसा मोबाइल एप तैयार किया है जो पुरुषों को न केवल परिवार नियोजन संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाएगा बल्कि उन्हें इस बाबत जागरूक भी करेगा। यह मोबाइल एप हरियाणा की मिशन निदेशक अमनीत पी कुमार ने विश्व पुरुष नसबंदी दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान लॉच किया। मिशन निदेशक ने कहा कि यह परिवार नियोजन ऐप, सेवा प्रदाताओं के ज्ञान को बढ़ाने और लोगों की काउंसलिंग में मदद करेगा, जिसके परिणामस्वरूप सेवाओं की गुणवत्ता में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा पुरुषों और उनके परिवारों को अधिक जानकारी देने, शिक्षित करने की सुविधाएं इसमें शामिल होगी। विश्व पुरुष नसबंदी दिवस का विषय है ‘पुरूषों की अब है बारी, परिवार नियोजन में हो भागेदारी।’ स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. एस.बी. कम्बोज ने बताया कि पुरुष नसबंदी या स्थायी गर्भनिरोधक के लिए नसबंदी एक शल्य प्रक्रिया है। परिवार नियोजन पर जब सटीक जानकारी पुरूषों तक पहुंचेगी तो कई पुरुष इसकी जिम्मेदारी स्वयं पर उठाने को आगे आएंगे। विभिन्न प्रकार के परिवार नियोजन विकल्पों के बारे में पुरुषों और महिलाओं को शिक्षित करने के लिए सभी को आगे आना चाहिए। निदेशक डॉ. उषा गुप्ता ने कहा हरियाणा राज्य के सभी जिलों में 21 नवंबर से 4 दिसंबर तक पुरुष नसबंदी पखवाड़ा मनाया जा रहा है, जिसमें पर्याप्त प्रचार के साथ गुणवत्ता पुरुष नसबंदी सेवाएं प्रदान की जा रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं में परिवार कल्याण सेवाओं में पुरुष भागीदारी पर जागरूकता पैदा करने के लिए जिलों में स्लम क्षेत्रों में ई-रिक्शा रैली निकाली गई है।

0 Comments