भाजपा के कई विधायक भी बलात्कारी, इसलिए निर्भया के दरिंदों को फांसी पर लटकाने का नकली ढ़ोंग कर रही सरकार : सीटू



17 दिसंबर 2019, 2:25 PM
 सन्नी कथूरिया। हरियाणा मीडिया जंक्शन
पानीपत। महिलाओं पर जारी हिंसा और यौन उत्पीड़न के मुद्दों को लेकर सीटू ने 16 दिसंबर को देशभर में निर्भया दिवस के रूप में मनाया। देशभर में महिलाओं व बेटियों की सुरक्षा की मांग को लेकर धरने-प्रदर्शन व जूलूस निकाले गए। पानीपत में निकाले गए एक जूलुस के दौरान सीटू नेताओं ने कहा कि भाजपा के मंत्री विधायक रेपिस्ट पाए जा रहे हंै। इसलिए ही भाजपा कड़े कानून बनाकर अपराधियों को फांसी की सजा देने का नकली ढोंग रच रही है। सीटू ने सवाल उठाया कि दिल्ली में निर्भया गैंगरेप हत्या के मामले में दोषियों के खिलाफ बड़े राष्ट्रीय आंदोलन के बाद भी उन्हें सजा आखिर क्यों नहीं मिली।बलात्कार के मामले में हरियाणा प्रांत भी नंबर वन है, लेकिन सरकार यह तर्क दे रही है कि ऐसी घटनाएं तो पहले भी घटती रही हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि सरकार का महिलाओं के खिलाफ भेदभाव पूर्ण रवैया है। इस जुलूस का नेतृत्व सीटू राज्य सचिव सुनील दत्त, राज्य उपप्रधान शकुंतला, पानीपत जिला संयोजक जय भगवान, कैथल प्रधान नरेश कुमार, सचिव सत्यवान, सोनीपत जिला प्रधान सुनीता, करनाल जिला प्रधान सतपाल सैनी, सचिव जसपाल राणा, पानीपत आशा वर्कर्स जिला प्रधान सुमन शर्मा, आंगनवाडी यूनियन जिला प्रधान कमला, मिड डे मील वर्कर्स यूनियन जिला सचिव उषा शर्मा, सीटू मजदूर नेता गुलाब कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा नेतृत्व वाली सरकार का चरित्र पूरी तरह महिला विरोधी है। देश में लगातार तेजी से महिलाओं और बच्चियों के साथ सामूहिक रेप, हत्या, यौन उत्पीड़न व हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं। मनुवादी धार्मिक कट्टरपंथी विचारधारा के लोग महिलाओं को कमजोर समझते हैं। उन्हें उपेक्षित करते हैं।

Post a Comment

0 Comments