हरियाणा : तकनीकी डिग्री पाठ्यक्रम शुरु करने की तैयारी, एक्सपर्ट एजेंसी से स्टडी करवाएगी सरकार
रोजगार के अवसर बढ़ाने में मिलेगी सहायता
7 दिसंबर 2019, 8: 00 AM
संदीप कम्बोज। हरियाणा मीडिया जंक्शन
चंडीगढ़। प्रदेश में प्लेसमैंट की मांग के आधार पर राज्य में विभिन्न तकनीकी डिग्री पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए एजैंसी से अध्ययन करवाया जाएगा। इससे प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढाने में सहायता मिलेगी। हरियाणा के गृह एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री अनिल विज ने बताया कि विश्व में स्किलड युवाओं की मांग है, जिसके आधार पर इस प्रकार के कोर्सिज की आवश्यकता है। इसलिए ऐसे पाठ्यक्रमों की शुरूआत के लिए प्रदेशभर में किसी एक्सपर्ट एजैंसी से स्टडी करवाई जाएगी ताकि युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए उचित कोर्स शुरू किए जा सके। यह एजैंसी एक डाटा तैयार कर यह बताएगी कि कौन-कौन से विषयों की भविष्य में आवश्यकता है। इससे युवाओं को काबिल बनाने में भी सहायता मिलेगी। तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि जो देश विज्ञान में आगे है, वही देश मजबूत माने जाता है। इसलिए बच्चों में स्कूल एवं उच्च शिक्षा स्तर पर विज्ञान विषय के प्रति रूझान बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सेमिनार सहित अन्य कार्यक्रम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विज्ञान विषय में बच्चों की रूची को बढ़ाने हेतु एक विशेषज्ञों की समिति का गठन किया जाएगा, जोकि सभी विषयों पर अपनी राय देगी।


0 Comments