कैथल : चावल की ग्रेडिंग से लेकर रिफाइनिंग के लिए कॉमन फैसिलिटी सेंटर शुरु
17 दिसंबर 2019, 3:50 PM
संदीप कम्बोज। हरियाणा मीडिया जंक्शन
कैथल/चंडीगढ़। हरियाणा के उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि नागरिकता संशोधन बिल उन लोगों के लिए एक सौगात है, जो 20-20 सालों से हमारे देश की नागरिकता पाने की इंतजार में थे। वे सोमवार को हरियाणा सरकार की स्टेट मिनी कलस्टर डेवेल्पमेंट स्कीम के तहत जींद-खनौरी बाईपास रोड पर स्थापित किए गए कैथल राईस मिलिंग कलस्टर के कॉमन फैसिलिटी सेंटर का शुभारंभ करने उपरांत पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने मीडिया रिपोर्टस का हवाला देते हुए कहा कि पाकिस्तान में सांसद तक रह चुके लोग धार्मिक प्रताड़ना के चलते वर्षों पहले हरियाणा में आए थे और उन्हें यहां की स्थाई नागरिकता का इंतजार था। ऐसे लोगों के लिए यह बिल काफी फायदेमंद है। वहीं प्रदेश में बुढ़ापा पेंशन में बढ़ोत्तरी करने के संदर्भ में पूछे गए एक प्रश्न का उत्तर देते हुए उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में गठबंधन सरकार के न्यूनतम साझा कार्यक्रम लागू करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है और इस संबंध में गठित कमेटी की इसी माह बैठक होनी है। बैठक के बाद विभिन्न घोषणाओं को लेकर वित्त प्रावधान किए जाएंगे। रोडवेज के बेड़े में बसों की संख्या बढ़ाने की दिशा में पूछे गए एक अन्य प्रश्न का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्हें उम्मीद है कि राज्य में गठित हाई पॉवर्ड परचेज कमेटी जल्द ही कोई निर्णय लेगी और प्रदेश की सड़कों पर नई बसें आएंगी। इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी, पुलिस अधीक्षक विरेंद्र विज, अतिरिक्त उपायुक्त राहुल हुड्डा, उपमंडलाधीश कैथल कमलप्रीत कौर सहित वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। इससे पहले जजपा के जिलाध्यक्ष रणदीप कौल ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में जजपा से प्रत्याशी रहे रामफल मलिक खुराना, रोशन ढांडा, अशोक बंसल, जजपा प्रवक्ता हरदीप पाड़ला, चंद्रभान दयौरा, कैप्टन बलजीत मोर, बच्चन सिंह माजरी, कुड़ा राम, संदीप गढ़ी, बलराज नौच, संपूर्ण कोयल, विरेंद्र ढांडा, सेवा सिंह, रामकरण चहल, संदीप क्योड़क, मनोज मलिक, प्रीतम कौलेखां, होशियार गिल, सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
अन्य राज्यों में भी लागू कॉमन फैसिलिटी सेंटर का मॉडल
इससे पूर्व जगदम्बा इंपैक्स कैथल में चावल गुणवत्ता टेस्टिंग के लिए स्थापित किए गए कॉमन फैसिलिटी सेंटर के शुभारंभ अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि अपनी तरह का यह पहला सेंटर खोला गया है, जहां चावल की ग्रेडिंग से लेकर रिफाइनिंग का काम होगा। इस सेंटर को 10 उद्यमियों ने स्थापित किया है और इनका मॉडल एक यूनिक मॉडल है, जिसे केंद्र सरकार द्वारा देश के अन्य राज्यों में भी लागू किए जाने पर विचार किया जा रहा है।


0 Comments