आईटीआई स्टूडेंट्स को अब कंपनियों व फैक्ट्रियों में प्रशिक्षण दिलवाएगी सरकार, शुरु होंगे पांच डीएसटी पाठ्यक्रम

आईटीआई स्टूडेंट्स को अब कंपनियों में प्रशिक्षण दिलवाएगी सरकार,  शुरु होंगे पांच डीएसटी पाठ्यक्रम


8 दिसंबर 2019, 3:45 PM
 हरियाणा मीडिया जंक्शन
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार द्वारा आईटीआई के छात्रों को उद्योगों के अनुरूप योग्य व कुशल बनाने के लिए प्रख्यात व्यापार संगठनों और औद्योगिक इकाइयों के माध्यम से प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया है। इस कड़ी में कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग द्वारा विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के साथ कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के निदेशक प्रभजोत सिंह ने बताया कि सरकार ने प्रदेश की 27 आईटीआई में दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली (डीएसटी) की शुरूआत की है, जिसमें 70 व्यावसायिक इकाइयां उद्योग लिंकेज स्थापित करने और छात्रों को नवीनतम मशीनरी एवं तकनीकों का अनुभव प्रदान करने के लिए शुरू की गई हैं। वर्तमान में, लगभग 1,300 छात्र इस योजना के तहत नामांकित हैं। उन्होंने कहा कि विभाग अगले साल प्रत्येक जिले में कम से कम पांच डीएसटी पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना बना रहा है। उन्होंने बताया कि दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली आईटीआई के माध्यम से सैद्धांतिक प्रशिक्षण और औद्योगिक इकाइयों के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण का एक समामेलन है। इस प्रणाली के तहत छात्रों को औद्योगिक इकाइयों में 6 महीने से लेकर 12 महीने तक का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे रोजगार योग्य बन सकेंगे और नौकरी मिलने की संभावना कई गुना बढ़ जाएगी। उन्होंने बताया कि कई व्यापार संगठनों और उद्योग संघों की लंबे समय से मांग लंबित थी कि आईटीआई पास आउट छात्रों को नवीनतम मशीनरी और उद्योगों में कार्य करने के माहौल के बारे में पर्याप्त ज्ञान होना चाहिए। इसलिए, उद्योगों की आवश्यकताओं और छात्रों के लर्निंग आउटकम के बीच के अंतर को कम करने के लिए सरकार द्वारा दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चूंकि कार्यक्रम हाल ही में शुरू हुआ था, इसलिए विभाग हर तीन महीने के बाद इस प्रणाली की समीक्षा करेगा।

फरीदाबाद में यामाहा मोटर्स के साथ हुआ है समझौता
राजकीय आईटीआई, फरीदाबाद ने भारत यामाहा मोटर्स के साथ एक समझौता किया है ताकि मशिनिस्ट ट्रेड के इंजीनियर छात्रों को प्रशिक्षित किया जा सके। इसी प्रकार, राजकीय आईटीआई, गुरुग्राम ने टर्नर और वेल्डर ट्रेड के छात्रों को प्रशिक्षित करने के लिए मुंजाल शोवा लिमिटेड के साथ एक समझौता किया है।  राजकीय आईटीआई, हाथिन ने शीट मेटल वर्कर ट्रेड के लिए विक्टोरिया आॅटो प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता किया है। राजकीय आईटीआई, पंचकूला ने पल्लवी होटल के साथ फूड प्रोडक्शन, कैटरिंग एंड हॉस्पिटेलिटी असिस्टेंट ट्रेड के लिए एक समझौता किया है।

इन कंपनियों के साथ हो चुके हैं समझौते
जिन अन्य उद्योगों के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए हैं उनमें एस्कॉर्ट्स लिमिटेड, मारुति सुजुकी, हीरो मोटरकॉप लिमिटेड, जेबीएम आॅटो लिमिटेड, स्टार वॉयर इंडिया लिमिटेड, शाही एक्सपोर्ट्स लिमिटेड, इंपीरियल आॅटो इंडस्ट्रीज लिमिटेड, इंडो आॅटो टेक लिमिटेड, रिको आॅटो इंडस्ट्रीज लिमिटेड, जिंदल सुप्रीम प्राइवेट लिमिटेड, ओम डीजल प्राइवेट लिमिटेड, यूनिवर्सल प्रिसिजन स्क्रू, स्वास्तिक इंडस्ट्रीज, मेट्रो मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड, मॉडर्न डायरी लिमिटेड, डीप प्रिसिजन इंडस्ट्रीज, सहयोग इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज, महाजन ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड, आशिमा पेपर प्रोडक्ट्स, कनोडिया ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड, जयसी आॅटो फैब प्राइवेट लिमिटेड, शिवानी लॉक्स प्राइवेट लिमिटेड, हैलीन आॅटो प्राइवेट लिमिटेड, सुब्रोस लिमिटेड, एचएसएफ फूड प्रो टेक प्राइवेट लिमिटेड, ओरिएंटल इंजीनियरिंग वर्क्स लिमिटेड, मिडा रिंद्रे प्राइवेट लिमिटेड, जेएसजी इन्नोटेक प्राइवेट लिमिटेड, अनुराग कैफे, माइक्रो टर्नर, ए. के. आॅटोमेटिक्स, जगमोहन मोटर्स, बेवेल्स ब्यूटी स्टूडियो आदि शामिल हैं।

Post a Comment

0 Comments