अब सालभर आयोजित होंगे राहगिरी कार्यक्रम, समसामयिक व सामाजिक विषयों बारे किया जाएगा जागरूक
2 दिसंबर 2019, 3:48 PM
शिव लाल। हरियाणा मीडिया जंक्शन
यमुनानगर। जिला स्तर पर आयोजित किए जाने वाले राहगिरी कार्यक्रम के माध्यम से अब वर्ष भर समसामयिक व सामाजिक विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी एवं एडीजीपी ओपी सिंह ने राहगिरी कार्यक्रम में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित किए जाने व इसका सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार प्रसार किए जाने के निेर्दश दिए हैं। एडीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि प्रत्येक राहगिरी को अच्छा संदेश देने वाले थीम पर आधारित किया जाए। इसके लिए प्रत्येक जिला को महत्वपूर्ण दिवसों की सूची भी भेजी गई है। उन्होंने कहा कि थीम के विषय से संंबंधित विभाग को भी राहगिरी कार्यक्रम में जरूर शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि राहगिरी कार्यक्रम में आर्ट एंड कल्चर गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाए। इसमें प्रतिभागियों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता आदि का आयोजन करवाया जाए। उन्होंने राहगिरी में योग गतिविधियों को भी शामिल करने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही राहगिरी कार्यक्रम में शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की भी हिदायतें दी गईं। एडीजीपी ने कहा कि राहगिरी कार्यक्रम की पूर्व सूचना व कार्यक्रम उपरांत के समाचार व फोटो आदि सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाएं ताकि राहगिरी का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि फेसबुक, ट्वीटर व वट्सअप आदि के माध्यम से राहगिरी के फॉलोअर्स की संख्या को बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस समय हरियाणा में राहगिरी कार्यक्रम साकारात्मक दिशा में जा रहा है। इसमें प्रतियोगिता के साथ-साथ सहयोग की भावना को बढ़ाना भी जरूरी है। जब आपसी सहयोग से लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में प्रयास किए जाते हैं तो नागरिक समाज के उपयोगी अंग बनते हैं। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान की प्रवृति जीवन में सफलताओं के द्वार खोलती है।


0 Comments