यमुनानगर : अब एक ही जगह से मिलेगी फल-सब्जी, सड़कों से हटेंगी रेहड़ियां व फड़ियां
नगर निगम ने निर्धारित किए तीन जोन
निर्धारित जोन में रेहड़ियां खड़ी करने के लिए मिलेगा पक्का स्थान
14 दिसंबर 2019, 3:59 PM
शिव लाल। हरियाणा मीडिया जंक्शन
यमुनानगर। शहर में जाम की समस्या से निजात पाने के लिए नगर निगम जहां सड़कों से अतिक्रमण हटा रहा है, वहीं अब सड़क किनारे खड़ी होनी वाली रेहड़ियों को शिफ्ट करने की तैयारी में है। नगर निगम ने इसके लिए तीन जोन निर्धारित किए है। प्रोजेक्ट के तहत निर्धारित जोन में रेहड़ी वालों को पक्की जगह मिलेगी। पहले चरण में 1185 रेहड़ी व फड़ी वालों को स्थान दिया जाएगा। इस प्रोजेक्ट को लेकर नगर निगम मेयर मदन चौहान ने अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर निर्धारित स्थानों का जायजा लिया। जायजा लेने के बाद उन्होंने अधिकारियों को इस प्रोजेक्ट को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
ये स्थान हुए निर्धारित, निरंकारी भवन के सामने ग्रीन बेल्ट पर होगा ट्रायल
रेहड़ी व फड़ी वालों के लिए नगर निगम ने संत निरंकारी भवन के सामने रेलवे रोड पर ग्रीन बेल्ट से लगती जमीन, महिला थाना के सामने वर्कशॉप रोड पर व रेलवे रोड पर महेंद्रा पेट्रोल पंप के सामने रेहड़ी वालों के खड़े होने के लिए स्थान निर्धारित किए गए है। इसके लिए मेयर मदन चौहान ने ईओ दीपक सुरा, पार्षद विनो्द मरवाह व पार्षद सुरेंद्र शर्मा के साथ इन स्थानों का जायजा लिया। मेयर चौहान ने बताया कि सबसे पहले संत निरंकारी भवन के सामने रेलवे रोड पर ग्रीन बेल्ट से लगती जमीन पर जनवरी माह में ट्रायल किया जाएगा। यहां ट्रायल सफल होने के बाद अन्य स्थानों पर रेहड़ी व फड़ी वालों को स्थान दिया जाएगा।
एक ही जगह मिलेगी सब्जी व फल
ट्विनसिटी यानि यमुनानगर व जगाधरी में दो हजार से ज्यादा रेहड़ी व फड़ी वाले है। जो कि शहर की सड़कों पर खड़े होकर सब्जी, फल व अन्य सामान बेचते है। इनका कोई स्थान निर्धारित नहीं है। जिसके चलते शहरवासियों को सामान लेने के लिए इधर उधर भटकना पड़ता है, लेकिन जोन बनने के बाद इनका स्थान निर्धारित हो जाएगा। इसके बाद एक ही स्थान पर सब्जी व फल मिल पाएंगे।
सड़क पर लगने वालों जाम से मिलेगी निजात
बतां कि फिल्हाल सड़क किनारे रेहड़ी व फड़ी लगाई जा रही है। जिससे सड़के संकरी हो रही है। सड़क पर सामान बेचने के दौरान जहां हादसों का खतरा रहता है, वहीं सड़कों पर जाम की समस्या बनी रहती है। रेहड़ी व फड़ी वालों के लिए जोन निर्धारित होने पर शहर की सड़कों पर लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी। शहरवासियों के अनुसार नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओं अभियान और ये प्रोजेक्ट यदि कामयाब होता है तो अपना शहर स्मार्ट सिटी बन जाएगा।
रेहड़ियां खड़ी करने के लिए मिलेगा पक्का स्थान
शहर का स्मार्ट सिटी बनाने के लिए नगर निगम प्रयासरत है। जल्द ही शहर की सड़कों पर लगने वाली रेहड़ियों व फड़ियों को शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए तीन जोन निर्धारित किए है। यहां पर रेहड़ी व फड़ी वालों को पक्का स्थान दिया जाएगा।
मदन चौहान, मेयर
नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी।


0 Comments