हरियाणा : अब हर तीन माह में हर जिला मुख्यालय पर लगेंगे रोजगार मेले
उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने किया ऐलान
बोले, युवाओं को रोजार देने को गठबंधन सरकार गंभीर
चौ. देवीलाल इंजीनियरिंग कालेज में खुलेगा प्रदेश का पहला स्किल सेंटर
14 दिसंबर 2019, 4:10 PM
गौरव सोनी। हरियाणा मीडिया जंक्शन
चंडीगढ़ /सिरसा। हरियाणा के युवाओं को रोजगार देने के लिए गठबंधन सरकार ने प्लान तैयार कर लिया है। प्रदेश के हर जिला मुख्यालय पर अब हर तीन माह बाद रोजगार मेला लगाया जाएगा जिसमें निजी कंपनियां आकर बेरोजगार युवकों को नौकरी देंगी। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बताया कि जेजेपी ने अपने घोषणा पत्र में प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रदेश भर में रोजगार मेले लगाने का वायदा किया था। इसी वायदे को निभाते हुए भाजपा-जेजेपी गठबंधन सरकार ने बहुराष्ट्रीय निजी कंपनियों के साथ मिलकर रोजगार मेले का आयोजन करने का फैसला किया है। इसके लिए युवाओं को पहले आॅनलाइन पंजीकरण करवाना होगा। इस संबंध में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश के सभी रोजगार अधिकारियों को रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दे दिए हैं। उन्होंने बताया कि पन्नीवाला मोटा स्थित चौ. देवीलाल इंजीनियरिंग कालेज में प्रदेश का पहला स्किल सेंटर खोला जाएगा जिससे इस क्षेत्र के युवाओं को रोजगार में मदद मिलेगी। एक सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि दस साल तक प्रदेश की जमीन लूटते रहे और अब वे अपनी सियासी जमीन तलाश रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस के दस साल के राज में 73 हजार एकड़ जमीन किसानों से छीन कर सीएलयू दी गई। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश के लोग टू-जी, थ्री जी एवं जीजा-जी के घोटालों को अभी तक भूले नहीं है। डिप्टी सीएम ने कहा कि वह दावे करने में नहीं बल्कि काम करने में यकीन रखते हैं और जल्द ही प्रदेश में यह बदलाव नजर आने लगेगा।


0 Comments