यमुनानगर : बेसहारा व जरूरतमंद छोटे बच्चों के लिए वरदान बना छछरौली बालकुंज
बाल कल्याण समिति ने 4 बच्चों का पालन-पोषण कर परिजनों को सौंपा
17 दिसंबर 2019, 4:53 PM
शिवलाल। हरियाणा मीडिया जंक्शनयमुनानगर। हरियाणा सरकार द्वारा छछरौली में स्थापित बालकुंज में रहने वाले छोटे बच्चों के लिए रहने-खाने व पढाई लिखाई से लेकर सभी इंतजाम नि:शुल्क किए गए हैं। बाल कल्याण समिति सदस्या अलका गर्ग ने बताया कि छोटे बच्चों को सुरक्षित व अच्छा सकारात्मक माहौल उपलब्ध करवाने के लिए बाल कल्याण समिति कृत संकल्प है। उन्होंने बताया कि बालकुंज का माहौल हमें एक परिवारिक माहौल जैसा रखना है ताकि वहां रहने वाले बच्चों को अकेलेपन या किसी प्रकार की कमी का एहसास ना हो सके, समाज के सभी वर्गों को कोशिश करनी चाहिए कि बालकुंज में समय-समय पर आए और वहां रहने वाले बच्चों के साथ अपने जन्मदिन व तीज त्यौहार मनाएं ताकि यहाँ रह रहे बच्चों को अपनापन मिले। अल्का गर्ग ने बताया कि बालकुंज छछरौली में रह रहे 4 छोटे बच्चों को उनके परिजनो को सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि 2 परिवारों के 4 छोटे बच्चें आर्थिक व पारिवारिक समस्याओं के कारण बालकुंज में आए थे। पहले मामले में 2 छोटे बच्चों की माता जो मेहनत मजदूरी करके अपना घर चलाती थी,उसे एक्सीडेंट में काफी चोट लग गई थी जिस कारण वह अकेली घर पर रहकर अपना इलाज करवा रही थी व उसकी आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी जिस के कारण वह बच्चों की देखभाल अच्छे से नहीं कर पा रही थी तथा उनकी बहन ने दोनों बच्चों का मामला बाल कल्याण समिति के सम्मुख रखा जिसके उपरांत उनको बालकुंज छछरौली में दाखिल कराया गया तथा अब बच्चों की माता ने बताया कि वह पूर्णता स्वस्थ है तथा अपने बच्चों की देखरेख व पढाई अपने पास रख कर करेगी। उन्होंने बताया कि दूसरे मामले में 2 बच्चियों की माता के न होने के कारण उनकी दादी पालन पोषण कर रही थी परन्तु दादी की तबीयत खराब होने के कारण उन्होंने दोनों बच्चों को बाल कल्याण समिति के माध्यम से बालकुंज में दाखिल करवाया, अब दादी की तबीयत व पिता की आर्थिक स्थिति ठीक होने पर दोनों को परिजनों को सौंप दिया गया। इस मौके पर डी.सी.डब्ल्यू.ओ. सुखमिंदर सिंह, काऊंसलर मायाराम, गगन शर्मा व आशा रानी मौजूद रहे।

0 Comments