संदीप कम्बोज।हरियाणा मीडिया जंक्शन
चंडीगढ़।हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के लोगों को ई-गवर्नेंस के तहत नागरिक केंद्रित सेवाओं की समयबद्ध डिलीवरी करने पर भारत सरकार ने राज्य को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया है। भारत सरकार के केन्द्रीय प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआर एंड पीजी) द्वारा मुंबई में आयोजित किए गए 23वें राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में यह अवार्ड मुख्यमंत्री के सुशासन सहयोगी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. राकेश गुप्ता ने प्राप्त किया।
हरियाणा सरकार ने नागरिक केंद्रित सेवाओं की डिलीवरी करने हेतु ई-गवर्नेंस के तहत जो दृढ़ता से प्रयास किए हैं, उन्हें केंद्र सरकार द्वारा मान्यता दी गई है और पुरस्कृत किया गया है। ह्यनागरिक-केंद्रित वितरण प्रदान करने में उत्कृष्टता की श्रेणी में ह्गोल्ड अवार्ड के लिए अंत्योदय सरल परियोजना को चुना गया है। मुख्यमंत्री श्मनोहर लाल ने अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा, यह हरियाणा के लिए बहुत गर्व की बात है कि राज्य सरकार की ई-गवर्नेंस पहलों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है और उन्हें पुरस्कृत किया गया है। उन्होंने कहा कि पुरस्कार से उत्साहित राज्य सरकार अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने के लिए नागरिक-केंद्रित सेवाओं के वितरण हेतु कैशलेस, पेपरलेस और फेसलेस तंत्र लगाने की प्रक्रियाओं को और बेहतर करेगी।
यह है अंत्योदय सरल हेल्पलाइन
मुख्यमंत्री के सुशासन सहयोगी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ राकेश गुप्ता ने बताया कि फरवरी, 2017 में अंत्योदय सरल परियोजना की परिकल्पना की थी और इसका कार्यान्वयन जुलाई, 2017 में शुरू हुआ था। मुख्यमंत्री कार्यालय और आईटी विभाग द्वारा एक मजबूत सहायक भूमिका के साथ हरियाणा के 38 विभागों, सभी जिला प्रशासन और एनआईसी, हरियाणा का एक बड़ा सहयोगी प्रयास रहा है। प्रत्येक वर्ष हरियाणा में लगभग 1 करोड़ आवेदन आनलाइन प्राप्त होते हैं और अंत्योदय सरल मंच के माध्यम से 70 लाख से अधिक प्राप्त होते हैं। अंत्योदय सरल हेल्पलाइन (1800-2000-023) के माध्यम से हर महीने योजनाओं और सेवाओं के बारे में 1 लाख से अधिक प्रश्नों और शिकायतों का समाधान किया जाता है।


0 Comments