16 फरवरी 2020, 12:52 PM हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़। भारत और जापान सामाजिक व आर्थिक दृष्टि से एक दूसरे के पूरक हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा प्रदेश बहुराष्ट्रीय कंपनियों को सुखद व सुरक्षित माहौल देते हुए निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। ऐसे में हरियाणा के सामाजिक व आर्थिक विकास में भी जापान की महत्वपूर्ण भूमिका है और सदैव रहेगी। मुख्यमंत्री ने भारत व जापान से आए प्रतिनिधमंडल से रूबरू होते हुए कहा कि आज दोनों देश दुनिया में बड़े सांझेदार के रूप में कार्य कर रहे हैं और हरियाणा प्रदेश में जापान की कई बहुराष्ट्रीय कंपनियां स्थापित हैं। व्यापार व निवेश के क्षेत्र में भारत का विशेषकर हरियाणा राज्य की सांझेदारी जापान के साथ सुखद रूप से आगे बढ़ रही है जिसका आधार मित्रता, विश्वास व सहयोग है। इलेक्ट्रोनिक्स, आटोमोबाइल, टेक्सटाइल, चिकित्सा उपकरण, नवीकरणीय ऊर्जा व खाद्य प्रसंस्करण सरीखे अनेक ऐसे औद्योगिक क्षेत्र हैं जिनमें हरियाणा जापान की मेजबानी बेहतर निवेश के रूप में कर रहा है।उन्होंने फिफ्त वे आफ इंडिया-जापान रिलेशन्स के रूप में की गई नई शुरूआत पर स्टैटेजिक इंवेस्टमेंट रिसर्च टीम को बधाई का पात्र बताया और कहा कि इस टीम की रिपोर्ट जापानी निवेशकों के लिए भारतीय परिचालन व वित्तीय वातावरण को सरल बनाने की दिशा में एक छोटा सा कदम है। विश्वास आधारित संबंधों की मजबूती में हरियाणा प्रदेश अपनी सुदृढ़ ढंग से भूमिका निभा रहा है। उन्होंने जापान से पहुंचे निवेशकों को बताया कि हरियाणा क्षेत्रफल की दृष्टि से जरूर छोटा है किंतु राष्ट्र की अर्थव्यवस्था में हरियाणा का योगदान 3.5 प्रतिशत है। उन्होंने जापानी प्रतिनिधिमंडल के साथ संवाद करते हुए खुशी जताई कि हाल ही में जापानी कंपनियों द्वारा किए जा रहे निवेश में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिल रही है, ऐसे में यह घनिष्ठ संबंध बनें रहें इसके लिए सरकार की ओर से उन्हें पूरा सहयोग दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने हरियाणा-जापान गोल्फ मीट के अर्थपूर्ण आयोजन के लिए इंवेस्ट इंडिया टीम का भी धन्यवाद किया।

0 Comments