हरियाणा : कॉलेज छात्राओं के लिए 150 बसें और शुरु करने की तैयारी


  • परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने दिए संकेत 





15 फरवरी 2020, 2:43
हरियाणा मीडिया जंक्शन 
पंचकूला। प्रदेश के अधिकांश महाविद्यालयों में लड़कियों को लाने-ले जाने के लिए गुलाबी बसें शुरू कर दी गई हैं। इसके अलावा सरकार जल्द ही 150 बसें और शुरू करने जा रही है ताकि सभी कॉलेजों में लड़कियों को बेहतर आवागमन की सुविधाएं आसानी से मिल सकें। (Preparation for starting 150 buses for college girls in Haryana) हरियाणा के परिवहन तथा औद्योगिक प्रशिक्षण एवं कौशल विकास मंत्री मूलचंद शर्मा यहां पंचकूला में आयोजित अम्बाला डिविजन के दो दिवसीय रोजगार मेले के उद्घाटन अवसर पर युवाओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश में रोजगार मेलों के आयोजन की बड़ी आवश्यकता है ताकि प्रतिस्पर्धा के युग में युवाओं को पूर्ण जानकारी के साथ-साथ  रोजगार हासिल हो सके। उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों में युवाओं को उनकी काबलियत, योग्यता एवं इच्छानुसार अलग-अलग व्यवसायों में रोजगार मुहैया करवाया जाता है। इसलिए जिला एवं मण्डल स्तर पर इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन नियमित तौर पर किया जाना चाहिए। औद्योगिक एवं कौशल विकास मंत्री श्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा एक हजार करोड़ रुपए की लागत से पलवल में विश्वकर्मा कौशल विकास विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है। इस विश्वविद्यालय में  युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है ताकि युवा पढ़ाई के साथ-साथ अपनी रुचि अनुसार हुनर भी सीख सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार ने बिना खर्ची और पर्ची के युवाओं को रोजगार मुहैया करवाने की दिशा में पहल की है। युवाओं को पूरी ईमानदारी व योग्यता के आधार पर रोजगार दिए जा रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments