10 फरवरी 2020, 5:33 PM
गौरव सोनी। हरियाणा मीडिया जंक्शन
सिरसा। विवाह कार्यक्रम में डीजे पर गाना बजाने को लेकर हुए विवाद में घायल डीजे संचालक ने 87 दिन बाद रविवार देर रात ईलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत से गुस्साए परिजनों ने सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव लेने से मना कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। इसे देखते हुए एसएचओ अमित बैनिवाल ने लिखित में 15 दिन के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही। इसके बाद परिजन माने और शव लेने पर राजी हुए। बता दें कि सिरसा के रचना पैलेस में 15 नवंबर 2019 को एक पार्टी चल रही थी। इस दौरान थेहड़ मोहल्ले का रहने वाला सुनील कुमार वहां मौजूद था। दरअसल वह कैटरिंग और डीजे दोनों का काम करता था। उस दिन डीजे पर मनचाहा गाना बजाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ युवकों ने तेजधार हथियारों से इन पर हमला कर दिया था। इस हमले में सुनील गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे पहले सिरसा भर्ती करवाया गया, इसके बाद न्यूरोसर्जन के पास रेफर कर दिया गया था। पिछले करीब ढ़ाई महीने से उसका इलाज चल रहा था। 87 दिन बाद रविवार रात को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमॉर्टम करवा दिया और परिजनों को सौंपने लगे तो उन्होंने शव लेने से मना कर दिया।
थाना प्रभारी ने 15 दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी का दिया आश्वासन
थाना सिविल लाइन एसएचओ अमित बैनिवाल ने मृतक के परिजनों को लिखित में 15 दिन के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही। इसके बाद सुनील के परिजन माने और शव को लिया। इस मामले में आरोपी 5 नामजद और 2 अन्य के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अजय, बाबू व मोगली को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि कृष्ण, पंकज व अन्य फरार हैं।


0 Comments