वोट नहीं बना है तो 16 फरवरी, 29 फरवरी व 1 मार्च को बनवा लें, बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ

15 फरवरी 2020, 7:40 PM               
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़। एक जनवरी को 18 वर्ष या इससे अधिक आयु पूरी करने वाले नागरिक 16 फरवरी, 29 फरवरी व 1 मार्च को अपना वोट बनवा सकते हैं। इन दिवसों पर सभी बीएलओ अपने बूथों पर रहकर वोट बनाएंगे। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि 1 जनवरी 2020 को अहृता तिथि मानते हुए मतदाता सूचियों का विशेष पुनरीक्षण अभियान का कार्यक्रम संशोधित किया गया है। नए कार्यक्रम के अनुसार, एकीकृत मतदाता सूचियों का ड्राफ्ट प्रकाशन 10 फरवरी को किया जा चुका है। 10 फरवरी से 12 मार्च  तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 16 फरवरी, 29 फरवरी और  1 मार्च को विशेष अभियान आयोजित किये जाएंगे। प्राप्त दावे एवं आपतियों का निपटान 24 मार्च तक किया जाएगा और मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 30 अप्रैल को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 16 फरवरी, 29 फरवरी और 1 मार्च को आयोजित होने वाले विशेष अभियान के दिवसों पर बी. एल. ओ. अपने-अपने बूथों पर रहेंगे। उन्होंने बताया कि विधानसभा आम चुनाव-2019 के उपरांत फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के बाद प्रकाशित ड्राफ्ट रॉल की मतदाता सूची की कॉपी सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि मतदाताओं के नाम जोड़ने और काटने की प्रक्रिया बूथ लेवल आॅफिसर द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन करने के बाद की गई है। बैठक में अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डी. के. बेहरा, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. इन्द्र जीत व अपूर्व और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।   

वोट बनवाने के यहां करें आनलाइन आवेदन
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि अभी तक किसी ने वोट नहीं बनवाया है और वह 1 जनवरी 2020 को 18 वर्ष या इससे अधिक आयु का हो गया है तो वह अब भी वोट बनवा सकता है। इसके लिए पात्र व्यक्ति संबंधित बी.एल.ओ, निर्वाचन पंजीयन अधिकारी, सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारी के पास फॉर्म-6 भरकर वोट बनवा सकते हैं। यह फॉर्म निर्वाचन विभाग की वेबसाइट  www.ceoharyana.gov.in पर भी उपलब्ध हैं जो डाउनलोड किए जा सकते हैं। वोट बनवाने के लिए दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, अपने निवास और आयु प्रमाण पत्र के साथ आफलाइन या आॅनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वोट बनवाने से संबंधित जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर-1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
                                                                                 

Post a Comment

0 Comments