शाबाश हिसार ! बेटियों की जन्म दर बढी़



शाबाश हिसार ! बेटियों की जन्म दर में इजाफा

सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मृत्युदर में भी आई गिरावट


लड़कियों की जन्मदर बढ़ाने, सडक़ दुर्घटनाओं में कमी व सक्षम हरियाणा योजना लागू करने में हिसार की प्रगति से उपायुक्त को मिली शाबासी


मीडिया जंक्शन न्यूज

Jun 22, 2019, 02:15 PM 
हिसार। लड़कियों की जन्मदर बढ़ाकर लिंगानुपात में सुधार करने, सडक़ दुर्घटनाओं से होने वाली मृत्युदर में कमी लाने तथा सक्षम हरियाणा (शिक्षा) योजना सहित प्रदेश सरकार की अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने पर मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी (सीएमजीजीए) कार्यक्रम के परियोजना निदेशक डॉ. राकेश गुप्ता ने हिसार जिला प्रशासन, विशेषकर उपायुक्त अशोक कुमार मीणा की दिल खोलकर प्रशंसा की। डॉ. राकेश गुप्ता शुक्रवार देर सायं सरकार की तमाम महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए सभी जिलों के अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े थे। उनके पूछने पर उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने हिसार में योजनाओं को लागू करने के लिए अपनाए गए तरीकों की जानकारी तथा जरूरत के अनुसार सुधार के सुझाव भी दिए जिनके लिए भी डॉ. राकेश गुप्ता ने उपायुक्त की सराहना की और इन सुझावों को लागू करने के निर्देश मुख्यालय के अधिकारियों को दिए। सायं 3.30 बजे से 7.15 बजे तक चली वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान डॉ. राकेश गुप्ता ने प्रसव पूर्व भू्रण लिंग जांच अधिनियम व लड़कियों की जन्मदर की समीक्षा करते हुए हिसार में लिंगानुपात में हुए सुधार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अप्रैल-2019 में जिला में प्रति हजार लडक़ों पर लड़कियों की जन्मदर 925 रही जबकि वर्ष 2018 में यह 913 थी। उन्होंने सभी जिलों को निर्देश दिए कि जन्म से पूर्व भू्रण की जांच करने वाले अथवा भू्रण हत्या करने वाले डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस मामले में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के भी स्पष्ट निर्देश है कि दोषियों अथवा आरोपियों के खिलाफ कोई नरमी न बरती जाए। उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने बताया कि जिला में दो संदिग्ध अस्पताल प्रशासन के रडार पर है जिनकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भू्रण जांच करने वाले संदिग्धों पर छापेमारी की संख्या को और बढ़ाया जाएगा। डॉ. राकेश गुप्ता ने नशीली दवाओं पर नियंत्रण, पोक्सो एक्ट, सोशल मीडिया शिकायतों के निवारण, ई-चालानिंग, हरियाणा रोडवेज में सुधार, सार्वजनिक पुस्तकालयों के नवीनीकरण सहित अन्य कई योजनाओं की समीक्षा करते हुए इनके क्रियान्वयन के संबंध में अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। 
वीडियो कॉन्फ्रेंस में उपायुक्त अशोक कुमार मीणा, अतिरिक्त उपायुक्त अमरजीत सिंह मान, हिसार के पुलिस अधीक्षक शिवचरण, हांसी के पुलिस अधीक्षक विरेंद्र विज, एसडीएम विरेंद्र सहरावत, नारनौंद एसडीएम सुरेंद्र सिंह, रोडवेज जीएम विकास यादव, सीएमजीजीए राधिका सिंघल व मोहित कुमार, सिविल सर्जन डॉ. संजय दहिया, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधीक्षक अभियंता आरएस सभ्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी नीता अग्रवाल, जिला सूचना अधिकारी एमपी कुलश्रेष्ठ व जिला कल्याण अधिकारी जगत बिश्रोई सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

हिसार में इस साल सड़क हादसों में अब तक 61 मौतें
डॉ. गुप्ता ने कहा कि हरियाणा विजन जीरो अभियान के तहत सडक़ दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु को न्यूनतम स्तर पर लाने का लक्ष्य है। इस दिशा में भी हिसार प्रदेश में दूसरे नंबर पर है। इस वर्ष जिला में सडक़ दुर्घटनाओं में 61 मृत्यु हुई हैं। इसके साथ ही प्रति लाख मृत्यु के आंकड़ों में कमी लाने वाला हिसार प्रथम जिला बन गया है। जिला की आबादी के अनुसार यहां एक लाख पर सडक़ दुर्घटनाओं में केवल 2.78 मृत्यु दर्ज की गई है। डॉ. राकेश गुप्ता ने सभी जिलों में चिह्नित किए गए ब्लैक स्पॉट ठीक करवाने के निर्देश दिए।
परियोजना निदेशक डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में अंत्योदय सरल प्लेटफार्म एक बड़ा बदलाव लेकर आया है जिसकी सफलता की सराहना राष्ट्रीय स्तर पर हो रही है।। आमजन को अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने के बजाय अपने नजदीकी अंत्योदय सरल केंद्रों पर 480 से अधिक योजनाएं व सेवाएं सहजता से मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि इस पोर्टल पर हर माह 4 लाख से ज्यादा आवेदन व 70 हजार कॉल्स आ रही हैं। पोर्टल के माध्यम से प्रतिमाह 6 लाख एसएमएस भेजे जा रहे हैं। सरल पोर्टल में और अधिक सुधार के लिए उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने तीन सुझाव दिए जिससे इस सेवा को और अधिक सुविधाजनक बनाया जा सके। उपायुक्त के सुझावों की तारीफ करते हुए डॉ. गुप्ता ने पोर्टल से जुड़े अधिकारियों को इन्हें शामिल करने के निर्देश दिए।

सीएम विंडो पर शिकायतों के समाधान में हिसार छठे रैंक पर
इसी प्रकार हिसार के सभी 9 खंडों द्वारा सक्षम परीक्षा उत्तीर्ण करने पर भी डॉ. राकेश गुप्ता ने जिला की तारीफ की और उपायुक्त से इसके लिए अपनाई गई कार्यप्रणाली की जानकारी ली ताकि अन्य जिलों को भी हिसार द्वारा अपनाई गई रणनीति का लाभ मिल सके। डॉ. गुप्ता ने कहा कि स्कूली बच्चों को सक्षम बनाने में हिसार में बहुत अच्छा काम हुआ है। उन्होंने बताया कि स्कूली शिक्षा में सुधार के लिए प्रदेश सरकार द्वारा इस वर्ष 12500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों के समाधान में हिसार जिला के 19वें रैंक से छठे रैंक पर आने पर भी अधिकारियों की तारीफ की।

Post a Comment

0 Comments