जानें, कम पानी में कैसे करें अधिक सिंचाई
बागवानी विभाग ने सारंगपुर में किसानों को समझाए कम पानी में अधिक क्षेत्र की सिंचाई के तरीके
मीडिया जंक्शन न्यूज
Jun 22, 2019, 03:38 PMहिसार। बागवानी विभाग ने खंड अग्रोहा के गांव सारंगपुर में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत पर ड्रोप-मोर क्रोप विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जिसमें विभाग के अधिकारियों ने किसानों को कम पानी में अधिक क्षेत्र की सिंचाई करके आमदनी बढ़ाने के तरीकों से रूबरू करवाया गया। शिविर में 80 किसानों ने भाग लिया।जिला बागवानी अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिहाग ने ग्रामीणों को बताया कि खेतों में टपका सिंचाई व फव्वारा सिंचाई प्रणालियों को अपनाकर कम पानी में अधिक पैदावार ली जा सकती है। अपने खेत में टपका सिंचाई संयंत्र लगवाने पर सरकार किसान को उद्यान विभाग के माध्यम से 60 से 85 प्रतिशत तक अनुदान राशि उपलब्ध करवा रही है। यह तकनीक लगवाने पर पानी की बचत तो होगी ही, साथ ही दवाई, खाद, बिजली एवं मजदूरी की भी बचत होगी। उन्होंने बताया कि जिला में वर्ष 2019-20 में 280 हेक्टेयर भौतिक एवं 173.61 लाख रुपये सूक्ष्म सिंचाई हेतु निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आदमपुर खंड में पानी की कमी को देखते हुए यहां के किसानों को ज्यादा से ज्यादा सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सब्सिडी योजनाओं के कारण कम पानी वाले क्षेत्रों के किसानों में इस योजना के प्रति काफी उत्साह है और लोग अपने खेत में इस प्रणाली को लगवाकर काफी लाभ उठा रहे हैं। इस अवसर पर डॉ. विक्रम सिंह एवं रिवूलिस कंपनी प्रतिनिधि वरुण कुमार ने भी किसानों को सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के फायदों व इसके रखरखाव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
केंचुआ खाद बनाने का भी बताया तरीका
अग्रोहा बीएओ डॉ. सोमप्रकाश ने किसानों को केंचुआ खाद बनाने की विधि के बारे में विस्तार से बताया। कृषि विस्तारक सलाहकार डॉ. नवीन कुमार ने किसानों को कृषि से संबंधित सरकार की सभी योजनाओं की जानकारी दी। डॉ. मनमोहन ने उद्यान विभाग द्वारा चलाई जाने वाली योजनाओं के बारे में बताते हुए किसानों से आह्वान किया कि उन्हें अपने खेत में सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली व फल-सब्जियों की खेती को बढ़ावा देना चाहिए जिससे वे 5 गुणा तक आमदनी ले सकते हैं।


0 Comments