गीला तौलिया तार पर डाला तो करंट की चपेट में आया युवक, छुडा़ने आए भाई की भी मौत
मीडिया जंक्शन न्यूज
Jun 20, 2019, 08:57 AM
कुरुक्षेत्र।नलवी गांव में घर पर करंट लगने से दो सगे भाइयों 32 वर्षीय गुरजंट सिंह और 31 वर्षीय गुरजीत सिंह की मौत हो गई। दोनों भाई अविवाहित थे। गुरजंट व उसका छोटा भाई मंगलवार को खेतों में गए हुए थे। जहां से काम निपटा कर देर रात वापस लौटे। पहले गुरजंट नहाकर खाना खाने बैठ गया। गुरजीत नहाने लगा। नहाने के बाद गुरजीत आंगन में लगी तार पर तौलिया सूखने के लिए डालने लगा। तभी वह करंट की चपेट में आ गया। उसकी चीख सुनकर गुरजंट बचाने दौड़ा।इसी बीच तार टूट कर गुरजंट पर आ गिरी, जिससे गुरजंट भी करंट की चपेट में आ गया। जिससे दोनों बेसुध होकर गिर पड़े। उस वक्त बड़े भाई गुरमीत सिंह, भाभी कुलदीप समेत घर में अधिकांश सदस्य सो रहे थे। उनकी चीख सुनकर पिता बलवंत सिंह बाहर निकले। मृतकों का बड़ा भाई आरएमपी है। जांच में दोनों की नब्ज बंद मिली। तुरंत दोनों को अस्पताल भी ले गए। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।परिजनों ने बताया कि कपड़े सुखाने वाली तार के ऊपर से ही इनवर्टर की तार निकल रही थी। इसी तार में कहीं क्रेक था। निचली तार पर तौलिया डालते समय वह ऊपर से गुजर रही तार से टच हो गया। इससे गीले तौलिये में करंट आया। वहीं स्पार्किंग होने से इनवर्टर की तार भी टूट गई।

0 Comments